बिना भेदभाव के सेवा भाव से करें विकास : मनोहर लाल

punjabkesari.in Saturday, Dec 03, 2022 - 06:52 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को प्रदेशभर में नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण में शामिल हुए। उन्हें संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम सभी पंच, सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी जन प्रतिनिधि पांच वर्ष तक बिना भेदभाव के अपने-अपने क्षेत्र में विकास कार्य करें। पूरे क्षेत्र को अपना परिवार मानें और सेवा के भाव से दायित्व निभाते हुए क्षेत्र का विकास करें। मुख्यमंत्री ने पंचायत को गांव की सरकार बताया। उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा सत्र की तर्ज पर जिला परिषद व पंचायत समिति का 1 या 2 दिन का सैशन बुलाया जाना चाहिए, ताकि जनता के मुद्दे उठाए जा सकें और विकास किया जा सके।

 

 


प्रदेशभर के हर जिले, ब्लॉक व गांव में शनिवार को शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें 6200 सरपंच, 60,133 पंच, 3081 ब्लॉक समिति सदस्यों व 411 जिला परिषद सदस्यों ने शपथ ली। मुख्यमंत्री ने वर्चुअली जुड़कर सर्वप्रथम इन्हें संबोधित किया, इसके पश्चात वहां मौजूद अधिकारियों ने इन्हें शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला अवसर है जब पंचायती राज संस्थाओं में चुनकर आए जनप्रतिनिधि व्यक्तिगत तौर पर शपथ ले रहे हैं। जिला उपायुक्त, गांवों में ग्राम संरक्षक इन्हें शपथ दिलवा रहे हैं। जब एक-एक जनप्रतिनिधि शपथ लेगा तो उन्हें शपथ में लिखे शब्दों, कर्तव्य, संविधान, भय और पक्षपात का बोध होगा। वह जब जनता के कार्य करेगा तो उसे यह शपथ याद रहेगी। 
 

 

 

60 प्रतिशत जन-प्रतिनिधि चुने गए सर्वसम्मति से
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंच, सरपंच, ब्लॉक समिति व जिला परिषद सदस्यों की कुल 71,696 सीटों के लिए चुनाव हुआ। इनके लिए 1,60,192 ने नामांकन किया, 2600 के नामांकन रद्द हुए और 31,900 ने नामांकन वापस ले लिया। 40 हजार 500 जनप्रतिनिधि सर्वसम्मति से चुने गए, जो करीब 60 प्रतिशत हैं। वहीं 29,474 सीटों के लिए 85,127 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को 11 लाख रुपए, सरपंच को 5 लाख रुपए, पंच चुने जाने पर 50 हजार रुपए और ब्लॉक समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्य के सर्वसम्मति से चुने जाने पर 2-2 लाख रुपए दे रही है। इस तरह चुने जाने पर हरियाणा सरकार 300 करोड़ रुपए ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए दे रही है। 
 

 

 

 

पंचायती राज संस्थाओं में चलें लोकसभा और विधानसभा की तरह सैशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के कार्यालय होने चाहिए। सरकार ने ग्राम सचिवालय की कल्पना की थी, जो कुछ जगह बन गए हैं। इसके साथ-साथ जिला परिषद कार्यालय बनाए जा रहे हैं। पंचायत समिति कार्यालयों का काम भी पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में भी लोकसभा व विधानसभा की तरह 1 या 2 दिन का सैशन होना चाहिए ताकि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठा सकें। अच्छे प्रस्ताव पास किए जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में युवाओं व एन.जी.ओ. आदि की समिति बनाई जाए, ताकि वह गांव में सुधार करे और भ्रष्टाचार आदि पर निगरानी रखे।
 

 

 

 

परिवार पहचान पत्र बनाने और गलत जानकारी में सुधार के लिए लगेंगे कैंप
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार पहचान पत्र बनाने और गलत जानकारी में सुधार के लिए कैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए 10, 11 दिसंबर व 16 से 18 दिसंबर तक कैंप लगाए जाएंगे। इसमें लोग नए परिवार पहचान पत्र व पुराने पीपीपी में सुधार करवा सकते हैं।  
 

 

 

 

अच्छी तरह जिम्मेदारी निभाएंगे पंचायत जनप्रतिनिधि: देवेंद्र सिंह बबली
हरियाणा के विकास व पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने नवनिर्वाचित पंच,  सरपंच,  ब्लॉक समिति और जिला परिषद के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि गांव की जनता ने आप सभी प्रतिनिधियों पर भरोसा एवं विश्वास जताया है और आप इस जिम्मेवारी को पूरी तरह से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव के विकास को बिजली, पानी व सड़क तक सीमित न रखके गांव के चहुमुंखी विकास को आगे बढ़ाएंगे। सभी प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में छोटी सरकार के रूप में अच्छा काम करेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News