चंडीगढ़ पर हरियाणा का हक था, है और रहेगा : मनोहर लाल

punjabkesari.in Monday, Apr 04, 2022 - 12:56 AM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि चंडीगढ़ पर हरियाणा का हक था, हक है और हमेशा रहेगा। हम इस मुद्दे पर मजबूती से खड़े हैं और प्रदेश की जनता भी हमारे साथ है। मुख्यमंत्री आज करनाल में स्मार्ट सिटी के तहत विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचारियों के सख्त खिलाफ है और जहां भी भ्रष्टाचार होने के प्रमाण मिलेंगे, सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। हमने अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार को रोकने के लिए बहुत-सी व्यवस्थाओं को ऑनलाइन किया है। पूर्व की सरकारों में भ्रष्टाचार पर इस प्रकार की कार्रवाई नहीं होती थी।

 


फसल खरीद से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी मंडियों में आवक बहुत कम हुई है। सरकार फसल खरीद के लिए पूरी तरह तैयार है। पैट्रोल व डीजल के दामों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इनके दाम अंतर्राष्ट्रीय बाजार पर निर्भर हंै। क्रूड ऑयल के दाम बढऩे के साथ पूरे विश्व में पैट्रोल व डीजल के दाम बढ़ते हैं। यह स्थिति पूरे विश्व में है। उन्होंने 134ए के संबंध में कहा कि अब गरीब बच्चों को पहले से ज्यादा शिक्षा के अवसर मिलेंगे। पहले केवल 10 प्रतिशत गरीब बच्चों को 134ए का लाभ मिलता था, नई व्यवस्था में 25 प्रतिशत तक गरीब बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के सुअवसर मिलेंगे। 

 

बिना भेदभाव हर क्षेत्र का करवाया जा रहा सर्वांगीण विकास : मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि बिना भेदभाव के प्रदेश के हर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री सफीदों में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। यहां मुख्यमंत्री ने सिंचाई, बिजली, खेल, जन स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी करीब 135 करोड़ रुपए की 18 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसके साथ-साथ मुख्यमंत्री ने 226 करोड़ रुपए की लागत से जिले की 92 विकास परियोजनाओं को पूरा करवाने पर भी सहमति प्रदान की। 
उन्होंने बताया कि एक हजार 400 करोड़ रुपए की लागत से 85 किलोमीटर लंबी कुंडली-मानेसर सड़क का निर्माण करवाया गया है। साथ ही रेल कॉरीडोर बनाया जाना भी प्रस्तावित है। दिल्ली-सोनीपत-जालंधर-अमृतसर-कटरा राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य जारी है। पानीपत-डबवाली सड़क, जींद-सोनीपत रेलवे लाइन, प्रत्येक जिला में मैडीकल कालेज सरकार की मुख्य उपलब्धियां हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News