कोरोना के कारण 60 फीसदी कम हुए यात्री, कई फ्लाइट्स बंद

punjabkesari.in Thursday, Apr 29, 2021 - 09:01 PM (IST)

चंडीगढ़, (लल्लन यादव): चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट से दिल्ली व मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या में कोरोना के कारण काफी कमी आ गई है। इस कारण ही एयरलाइंस कपंनियों ने फ्लाइटों की संख्या भी कम कर दी है। यही कारण है कि जिन शहरों के लिए 8-8 फ्लाइट चलती हैं, अब उनके लिए सिर्फ 3 फ्लाइट ही चल रही हैं। विमान कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि लगभग घरेलू यात्री संख्या में 60 फीसदी की कमी आ गई है। शैड्यूल में मुंबई के लिए 8 डोमैस्टिक फ्लाइट थी जो अब सिर्फ 3 चल रही हैं। वह भी पैसेंजर के आधार पर। यही हाल दिल्ली व चंडीगढ़ के बीच चलने वाली फ्लाइट  का है। 11 की जगह सिर्फ 3 फ्लाइट का संचालन हो रहा है। यदि पैसेंजरों की संख्या बढ़ जाती है, तो एयरलाइंस एक्सट्रा फ्लाइट चला देती हैं। 

 


चंडीगढ़ से हर साल 20 लाख के करीब पैसेंजर करते थे हवाई सफर
कोरोना संकटकाल से पहले एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही के आंकड़े हैरान करने वाले थे। जिन एयरपोर्ट पर तेजी से यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा था, उनमें चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट भी अग्रणी था। एयरपोर्ट से आवाजाही करने वाले यात्रियों में हर साल डेढ़ लाख से ज्यादा का इजाफा हो रहा था। साल 2003 में जहां चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर यात्री की संख्या तीन लाख के करीब थी, वहीं साल 2015-16 में यात्री संख्या 16 लाख के करीब हो गई। साल 2018 में यह संख्या 20 लाख के करीब है। हालांकि साल 2019 में रनवे निर्माण के चलते ज्यादातर समय एयरपोर्ट बंद रहा बावजूद इसके सामान्य दिनों में हर महीने यात्रियों की संख्या डेढ़ से दो लाख के बीच रही। साल 2019 में चंडीगढ़ एयरपोर्ट से 23,50,459 यात्रियों ने सफर किया था। वहीं साल 2020 में मात्र सवा चार लाख लोगों की एयरपोर्ट पर आवाजाही रही। 


समर शैड्यूल में जुड़ी थी नौ अतिरिक्त फ्लाइट्स 
पिछले साल कोविड-19 के बाद से पैसेंजर्स की संख्या में खासी कमी आई थी, लॉकडाऊन के बाद से विमानन कंपनियां यात्रियों की कमी से जूझ रही थी। यात्रियों की कमी की वजह से कई विमानन कंपनियों ने अपनी फ्लाइट्स की संख्या में भी कमी कर दी थी। लॉकडाऊन से पहले एयरपोर्ट पर रोजाना 15 से 20 हजार लोगों की आवाजाही थी, लेकिन लॉकडाऊन के बाद यह संख्या 1000 से 1500 के बीच रह गई थी। वहीं लॉकडाऊन से पहले जहां 40 के करीब फ्लाइट्स का शैड्यूल था, जोकि तीन से चार महीने तक 12 फ्लाइट्स का रह गया था। कोरोना संक्रमण के मामले कम हुए तो मौजूदा समर शैड्यूल में विमानन कंपनियों ने उत्साह दिखाते हुए नौ अतिरिक्त फ्लाइट्स शुरू की। यात्रियों की संख्या  भी 3500 से 4500 के बीच पहुंच गई थी, बावजूद इसके अब एक बार फिर कोरोना संक्रमण मामले बढऩे से यात्रियों की सं या कम होने लगी है। 


                                    वर्ष 2021 में यात्री संख्या                                           
महीना                 आने वाले यात्री                   जाने वाले यात्री 

जनवरी               116591                           109851 
फरवरी                127814                           112347 
मार्च                   125129                           110369
अप्रैल                 74134                              70282 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

ashwani

Recommended News

Related News