युवक से लूट कर उतारा मौत के घाट, फिर शव नहर में फैंका, तलाश जारी

punjabkesari.in Monday, Jun 27, 2022 - 08:56 PM (IST)

मोहाली,(संदीप): सोहाना में रहने वाले युवक को बहाने से बुला कर लूटने और मौत के घाट उतारने के बाद शव नहर में फैंकने के मामले में सोहाना थाना पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दिलप्रीत सिंह उर्फ दिल्लू, हरमीत सिंह उर्फ गैरी और सतनाम सिंह उर्फ सत्ता के तौर पर हुई है। मृतक की पहचान मूलरूप से फिरोजपुर के रहने वाले गुरप्रीत सिंह (22) के तौर पर हुई है जो कि मौजूदा समय में सोहाना में रह रहा था। सोहाना थाना पुलिस ने हत्या व अन्य आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर रविवार अदालत में पेश कर 6 दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान सभी आरोपियों से इस निर्मम हत्या को लेकर पूछताछ जारी है। पुलिस शव को तलाशने में जुटी हुई है। सोहाना थाना पुलिस ने मृतक के भाई ओम प्रकाश की शिकायत के आधार पर ही आरोपियों के खिलाफ साजिश रचने, अगवा करने, लूट करने, हत्या करने, सबूत मिटाने व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।   

 


बहाने से बुला किया था अगवा
पुलिस जांच में अभी तक सामने आया गुरप्रीत सिंह चंडीगढ़ सैक्टर-34 स्थित एक सैलून में काम करता था और तीनों आरोपियों से अच्छी जान पहचान थी। इस बात का फायदा उठाते हुए ही बीती 3 जून को आरोपियों ने गुरप्रीत सिंह को सोहाना स्थित एक जगह पर बुलाया और कार में लेकर चलते बने। इसके बाद आरोपियों ने गुरप्रीत सिंह के साथ लूट की वारदात को अंजाम देते हुए उसका मोबाइल, ए.टी.एम. व अन्य सामान लूट लिया। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने गुरप्रीत सिंह को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए गुरप्रीत सिंह के शव को अपने गांव बालसंध चमकौर साहिब में की नहर में फैंक दिया था।
 

 

परिजनों ने लिखवाई थी गुरमीत की गुमशुुदगी की रिपोर्ट :
3 जून को गुरप्रीत सिंह घर से सामान लेकर निकला था और इसके बाद वह अपने घर वापस नहीं लौटा था। उसके घर न लौटने पर उसके परिजनों ने अपने जानकारों के यहां उसकी तलाश शुरू कर दी थी लेकिन जब वह कहीं पर नहीं मिला तो 5 जून को सोहाना थाना में रिपोर्ट लिखवाई थी। पुलिस ने अपने आधार पर ही उसकी तलाश शुरू कर दी थी। 
 

 

मोबाइल और ए.टी.एम. का प्रयोग करने पर हुआ खुलासा
सोहाना थाना प्रभारी की देखरेख में काम कर रही टीम ने जांच करते हुए गुरप्रीत सिंह के मोबाइल को सॢवलैंस पर लगाया। जैसे ही आरोपियों ने गुरप्रीत सिंह से लूटे मोबाइल का प्रयोग किया तो वह पकड़ में आ गए। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपियों ने गुरप्रीत सिंह के ए.टी.एम. का भी प्रयोग किया है। जिसके आधार पर भी पुलिस आरोपियों का सुराग लगा उनकी गिरफ्तारी करने में जुट गई। आरोपियों के बारे में जानकारियां जुटाने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर 25 जून को  गिरफ्तार किया है। पुलिस ने केस की जांच का हवाला देते हुए अदालत से तीनों आरोपियों का 6 दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के बाद आरोपियों को 2 जुलाई को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News