‘आप’ के कार्यकत्र्ता ने ही विधायक के पी.ए पर लगाए चौकी इंचार्ज से रिश्वत मांगने के आरोप

punjabkesari.in Thursday, Aug 04, 2022 - 09:43 PM (IST)

जीरकपुर,(गुरप्रीत) :पंजाब से भ्रष्टाचार खत्म करने का वायदा कर सत्ता में आई आम आदमी पार्टी भले ही भ्रष्टाचार खत्म करने के बड़े बड़े दावे कर रही है, लेकिन जब पार्टी के कार्यकत्र्ता ही पार्टी के नेताओं पर  भ्रष्टाचार को लेकर उंगलियां उठाने लगे तो मामला गड़बड़ लगता है। ऐसा ही एक मामला जीरकपुर से सामने आया है। आम आदमी पार्टी के जिला व्यापार मंडल के संयुक्त सचिव विक्रम धवन ने अपनी ही पार्टी के विधायक के पी.ए. पर चौंकी इंचार्ज से रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा जारी भ्रष्टाचार विरोधी हैल्पलाइन नंबर पर की है। वार्ड नंबर-4 बलटाना निवासी विक्रम धवन ने आरोप लगाया कि बरमा सिंह जब बलटाना चौकी के प्रभारी थे तो उनका एक मामला थाने में चल रहा था।  इस बीच बरमा सिंह को अचानक चौंकी इंचार्ज से हटाकर जीरकपुर थाने में ट्रांसफर कर भेज दिया गया।

 


विक्रम धवन के अनुसार जब उन्होंने अपने मामले की जानकारी लेने के लिए बरमा सिंह को फोन किया तो उन्होंने मामले की जानकारी दी और कहा कि उनकी पार्टी के विधायक रंधावा ने पी.ए. नितिन लूथरा को भेजकर एक लाख रुपए मांगे थे। जब उन्होंने पैसे नहीं दिए तो उनका तबादला कर दिया गया। बता दें कि विक्रम धवन के पास इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग है, जिसे उन्होंने अपनी शिकायत के साथ सबूत के तौर पर भेजा है। विक्रम धवन यह भी दावा कर रहे हैं कि उनके पास इससे जुड़े अन्य दस्तावेज हैं जो समय आने पर दिखाएंगे। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
 

 

विक्रम धवन का मानसिक संतुलन ठीक नहीं : विधायक
 डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि विक्रम धवन का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। वह पहले भी इस तरह की निराधार शिकायतें सी.एम. विंडो पर डालते रहे हैं। वह हमारी पार्टी के कार्यकत्र्ता हैं लेकिन ऐसी बातें करते रहते हैं। जहां तक आरोप का सवाल है तो यह सरासर झूठ है। किसी ने बरमा सिंह से पैसे नहीं मांगे
 

 

शिकायत का कोई आधार नहीं : पी.ए.
विधायक पी.ए. नितिन लूथरा ने कहा कि विक्रम धवन द्वारा दी गई शिकायत का कोई आधार नहीं है। अगर उसके पास कोई सबूत है तो उसे दिखाएं। अगर उन्होंने शिकायत की है तो मैं भी उनके खिलाफ उच्चाधिकारी से शिकायत करूंगा।  आरोप कोई भी लगा सकता है। अगर वे शिकायत करते हैं तो वह बहाना बना लेते हैं कि उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News