आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में 75 स्थानों पर होगा ध्वाजारोहण

punjabkesari.in Sunday, Aug 14, 2022 - 07:30 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, जोश और उत्साह एवं गौरवपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा। 15 अगस्त 2022 के दिन राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय अम्बाला कैंट में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल समालखा में ध्वजारोहण करेंगे। असंध में स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, बहादुरगढ़ में उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और रादौर में गृह मंत्री अनिल विज ध्वजारोहण करेंगे। वहीं प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रीगण, विधायक व अधिकारी भी निर्धारित स्थानों पर ध्वजारोहण करेंगे। सत्तापक्ष के मंत्रियों, विपक्ष के नेताओं, सांसदों व विधायकों द्वारा प्रदेशभर में 75 जगहों पर ध्वाजारोहण किया जाएगा।

 


मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आजादी के लिए मर-मिटने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अॢपत की। साथ ही आजाद भारत की एकता और अखंडता की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों को भी नमन किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस ऐसा पर्व है जिसे हम सब पूरे देश में मिलजुलकर मनाते हैं और श्रद्धा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं। यह प्यारा तिरंगा आजादी के उल्लास का प्रतीक है। इसी तिरंगे को थाम कर रखने के लिए आजादी के आंदोलन में असंख्य वीर शहीद हो गए। उन्होंने लाठियां और गोलियां खाकर भी इसे झुकने नहीं दिया। 

 


मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो अपने उन राष्ट्र निर्माताओं, सीमा प्रहरी सैनिकों, प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों, अन्नदाता किसानों, मेहनतकश कामगारों के प्रति भी गहन कृतज्ञता व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपनी प्रतिभा, साहस और मेहनत के बल पर भारत को दुनिया की बड़ी शक्ति के रूप में खड़ा कर दिया है। भारत की गौरवपूर्ण विकास यात्रा में हर कदम पर हर भारतीय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

 


मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में देश में उत्साह और देशभक्ति का जज्बा पैदा करने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के आह्वान पर हरियाणा प्रदेश में यह महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। अब तक इसके तहत 10 हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम आयोजित करने में हरियाणा का देश में दूसरा स्थान है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News