हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष सैलजा ने की इस्तीफे की पेशकश, उठापटक शुरू

punjabkesari.in Monday, Apr 11, 2022 - 08:20 PM (IST)

चंडीगढ़, (पांडेय): पंजाब के बाद अब हरियाणा कांग्रेस में भी उठापटक के संकेत मिलने लगे हैं। कांग्रेस सूत्रों की मानें तो हरियाणा कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन बताया जा रहा है कि शैलजा ने शनिवार को कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने अध्यक्ष पद छोडऩे की पेशकश कर दी थी। बताया गया कि सैलजा ने सोनिया गांधी से आग्रह किया है कि प्रदेश में संगठन नहीं बन पाने से वह काफी आहत हैं ऐसी स्थिति में उनके प्रदेशाध्यक्ष पद पर रहने का कोई औचित्य नहीं है। वहीं हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल ने कुमारी सैलजा के इस्तीफे देने की सूचनाओं को खारिज किया है।

 


गौरतलब है कि हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी लगातार जारी है। विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस में संतुलन साधने के लिए पूर्व सांसद कुमारी सैलजा को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया गया था। लेकिन पंजाब और यू.पी. चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद से ही प्रदेश कांग्रेस में भी हलचल तेज है। पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ग्रुप कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का पद अपने पाले में करने के लिए लॉबिंग में लगा है। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा को कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने के लिए जोर आजमाइश हो रही है। बता दें कि कांग्रेस आलाकमान द्वारा पंजाब और उत्तराखंड में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने के बाद हरियाणा में भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदले जाने के आसार बढ़ गए हैं। हुड्डा गुट की चली तो जल्द ही हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ तालमेल रखने वाले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति का शीघ्र ऐलान हो सकता है। 

 


प्रदेश कांग्रेस में चल रही संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया : 
हरियाणा में अभी संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन जिस तरह से पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की नियुक्ति की गई है, उसे देखकर लग रहा है कि हरियाणा में भी नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान किसी भी समय हो सकता है। संभव है कि राजस्थान व हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष के पदों पर एकसाथ जल्द नियुक्तियां को जाए। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बदलाव की अटकलें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी सैलजा के अलग-अलग बयानों से जोर पकड़ रही हैं। हुड्डा ने हाल में कहा था कि अध्यक्ष पद के लिए न तो मैं दावेदार हूं और न ही मेरा सांसद बेटा दीपेंद्र दावेदार है, लेकिन यदि विधायक व पार्टी कार्यकत्र्ता चाहते हैं कि बदलाव होना चाहिए तो हाईकमान इस बारे में तय करेगा। सैलजा ने इसका जवाब यह कहते हुए दिया था कि उन्हें कुर्सी से कोई लगाव नहीं है। वह जन्मजात कांग्रेसी हैं, कांग्रेसी थी और कांग्रेसी ही रहेंगी। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर बदलाव की अटकलें लंबे समय से चल रही हैं। राज्य में 8 साल से कांग्रेस का संगठन नहीं है। हुड्डा खेमे का कहना है कि संगठन के अभाव में कार्यकत्र्ता काम नहीं कर पा रहे हैं, जबकि सैलजा की दलील है कि संगठन बनाने की प्रक्रिया चल रही है और हमारे पास ऐसे तमाम कार्यकत्र्ताओं की फौज है, जो बिना संगठन के भी लोगों के बीच जाकर धरातल पर काम कर रहे हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News