हरियाणा और पंजाब के हजारों किसान 25 को मोहाली में होंगे इकट्ठे

punjabkesari.in Tuesday, Mar 22, 2022 - 12:48 AM (IST)

चंडीगढ़,(गौड़): भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बी.बी.एम.बी.) को केंद्र सरकार द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र में लिए जाने से हरियाणा और पंजाब के किसान खफा हैं, जिसको लेकर दोनों राज्यों के किसान संगठनों द्वारा चंडीगढ़ में सामूहिक तौर पर एकत्रित होकर विरोध जताने का निर्णय लिया गया है। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने कहा कि बी.बी.एम.बी. के निर्माण से लेकर आज तक हरियाणा और पंजाब की सरकारों के अधिकार क्षेत्र में रहा है। लेकिन केंद्र में शासित मोदी सरकार इसे जबरन अपने अधिकार क्षेत्र में लाने के प्रयास कर रही है। जिसको लेकर दोनों राज्यों के किसानों में रोष है।

 

रतनमान ने कहा कि इस मसले को लेकर दोनों राज्यों के किसान संगठन लामबंद हो रहे हैं। उन्होंने दोनों राज्यों के किसान संगठनों की ओर से लिए गए सामूहिक निर्णय से अवगत करवाते हुए बताया कि आने वाली 25 मार्च को चंडीगढ़ में किसान पंचायत आयोजित करने के उपरांत टै्रक्टर मार्च निकाला जाएगा और दोनों प्रदेशों के गवर्नरों को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। इस संबंध में बनाई गई रणनीति के तहत 25 को मोहाली स्थित अंब साहिब गुरुद्वारा में हरियाणा और पंजाब के हजारों की संख्या में किसान एकत्रित होंगे। केंद्र सरकार के इस फैसले के खिलाफ मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। 

 


राकेश टिकैत भी करेंगे शिरकत
रतनमान ने बताया कि बी.बी.एम.बी. का निर्माण प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल के कार्यकाल के दौरान हुआ था। बोर्ड के निर्माण कार्य में खर्च की गई करीब 175 करोड़ रुपए की राशि को कई दशकों तक किसानों से वसूल किया गया था। ऐसे में अब इस संस्थान को काबू किया जाना एकदम गलत है। जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। इसलिए आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है। मान ने बताया कि 25 मार्च को होने वाले इस प्रदर्शन में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं देश के प्रख्यात किसान नेता राकेश टिकैत व राष्ट्रीय महासचिव युद्धबीर सिंह सहरावत भी प्रमुख तौर पर शिरकत करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News