एस.एस.पी. की फेसबुक हैक

punjabkesari.in Monday, Aug 02, 2021 - 11:55 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील राज) : साइबर अपराधियों ने अब चंडीगढ़ के एस.एस.पी. कुलदीप सिंह चहल की ही जाली फेसबुक आई.डी. बनाकर लोगों को मैसेज भेजकर पैसे मांग लिए। ठगों ने एस.एस.पी. बनकर मजबूरी में फंसे होने की बात कहकर 10-10 हजार रुपए मांगे हैं। एस.एस.पी. कुलदीप सिंह चहल के दोस्तों ने यह जानकारी उन्हें दी। कुलदीप सिंह चहल ने तुरंत साइबर सैल को मामले की जांच कर नकली फेसबुक आई.डी. बना रुपए मांगने वालों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। हालांकि इससे पहले दर्ज हुए कई केसों में आरोपी पकड़े नहीं गए हैं।


लोग समझ गए कि एस.एस.पी. की आई.डी. हैक हो गई
सोमवार को एस.एस.पी. कुलदीप सिंह चहल की फेसबुक आई.डी. से लोगों को फ्रैंड रिक्वेस्ट भेजी थी। जैसे ही लोगों ने फेसबुक रिक्वेस्ट अक्सैप्ट की तो मैसेंजर द्वारा एस.एस.पी. की आई.डी. से हैलो लिखकर भेजा गया। इसके बाद ठगों ने फ्रैंड रिक्वेस्ट अक्सैप्ट करने वालों से कोई न कोई बहाने से रुपए मांगने शुरू कर दिए। किसी को अस्पताल में होने की बात कही तो किसी को बाहर फंसे होने की बात कही मगर लोग भी हैरान थे कि एक आई.पी.एस. अफसर थोड़े-थोड़े रुपए क्यों मांग रहा है। कई लोगों ने तो फ्रैंड रिक्वेस्ट आने के बाद ही समझ लिया था कि एस.एस.पी. की आई.डी. हैक हो गई है। ठगों ने रुपए मांगने के बाद चैट भी डिलीट कर दी थी। साइबर सैल अब चंडीगढ़ के एस.एस.पी. की जाली आई.डी. बनाकर लोगों से रुपए मांगने वालों की तलाश कर रही है।


इन पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बना चुके
पूर्व एस.पी. रोशन लाल ने बताया कि एक दिन दोपहर को उनके किसी जानकार का कॉल आया कि आपने मैसेंजर से 15 हजार रुपए की डिमांड की है। इसके बाद उन्होंने तुरंत अपनी दूसरी बनी आई.डी. को चैक किया और साइबर सेल में शिकायत कर दी। 


इससे पहले पूर्व डी.एस.पी. क्राइम की सोशल मीडिया से फोटो चोरी कर हैकर ने नकली फेसबुक आई.डी. बना ली। जिसके बाद उनकी फ्रैंड लिस्ट में शामिल दोस्तों को मैसेज और रिक्वेस्ट भेजकर मदद के बहाने पैसे मांगने लगा। इसके बाद पूर्व डी.एस.पी. क्राइम जगबीर सिंह को अपनी नकली फेसबुक आई.डी. बनाकर पैसे मांगने की जानकारी मिली थी।

 

मेयर, भाजपा अध्यक्ष और वकील भी हो चुके शिकार
चंडीगढ़ में साइबर क्रिमिनल पूरी तरह से सक्रिय हैं। पुलिस विभाग में आला अधिकारियों के साथ चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष अरुण सूद, मेयर रविकांत शर्मा समेत वकील और कई प्रिंसिपल की भी नकली आई.डी. बनाकर हैकर पैसे ऐंठने की कोशिश कर चुके हैं। हालांकि अभी तक किसी भी मामले में साइबर सैल किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

ashwani

Recommended News

Related News