‘शहर की सड़कों पर सितम्बर तक दौड़ती दिखाई देंगी इलैक्ट्रिक बसें’

punjabkesari.in Friday, Feb 19, 2021 - 09:07 PM (IST)

चंडीगढ़, (राजिंद्र शर्मा) : प्रशासन ने लंबे समय के प्रयासों के बाद आखिरकार शहर में इलैक्ट्रिक बसें चलाने के लिए आखिरकार कंपनी फाइनल कर ली है। प्रशासन ने 40 ई-बसें चलाने के लिए अशोक लेलैंड को काम अलॉट किया है। विभाग के निदेशक के अनुसार सितम्बर तक यह बसें शहर की सड़कों पर दिखाई देंगी। वर्तमान में चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सी.टी.यू.) शहर में बसें चलाता है लेकिन ई-बसें चलाने के लिए विभाग ने निजी कंपनी का सहारा लिया है। करार के अनुसार बस, चार्जिंग स्टेशन और रखरखाव का जिम्मा कंपनी का ही होगा। विभाग को प्रति कि.मी. के अनुसार कंपनी को भुगतान करना होगा। प्रशासन द्वारा जारी टैंडर में तीन कंपनियों ने आवेदन किया था, जिसमें अशोक लेलैंड ने सबसे कम दाम की बोली लगाई थी।

 

विभाग कंपनी को प्रति कि.मी. के लिए 60 रुपए का भुगतान करेगा। इस संबंध में विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कंपनी को काम सौंप दिया गया है। उम्मीद है कि सितम्बर में ई-बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। गौरतलब है कि शहर में इलैक्ट्रिक बसें चलाने की कवायद वर्ष 2016 से ही चल रही हैं। 2017 में सी.टी.यू. ने दो अलग-अलग कंपनी की इलैक्ट्रिक बसों का ट्रायल भी लिया था। ट्रायल के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि अगले कुछ माह में बसें सड़क पर आ सकती हैं, लेकिन अब जाकर ई-बसों के लिए कंपनी का चयन हुआ है।

कई बार विभाग ने जारी किया टैंडर
ई-बसों को सड़क पर उतारने के लिए कई बार टैंडर जारी किए गए, लेकिन परिवहन विभाग कंपनी नहीं तय कर पाया। कोविड से पहले दो बार खुद के खर्चे पर बसें चलाने के लिए टैंडर जारी किया गया, उसमें सफल नहीं हो पाए। फिर केंद्र सरकार ने बसें देने का ऐलान किया तो वह बसें चलाने के लिए दो बार टैंडर जारी किया। पहली बार में कंपनियां नहीं आईं। दूसरी बार किए गए टैंडर में फिर तीन कंपनियों ने आवेदन किया, जिसके बाद अशोक लेलैंड का चयन किया गया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

ashwani

Recommended News

Related News