दिल्ली दौरे पर गए विज ने हाईकमान के नेताओं से की मुलाकात

punjabkesari.in Monday, Feb 06, 2023 - 06:56 PM (IST)

चंडीगढ़,(पांडेय): हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दिल्ली दौरे में सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रभारी विनोद तावड़े से मुलाकात की। विज ने बी.एल. संतोष के साथ करीब एक घंटे तक प्रदेश के राजनैतिक हालातों पर चर्चा की। बताया गया कि बी.एल. संतोष ने हरियाणा सरकार के कामकाज और 2024 के चुनावी परिदृश्य को लेकर फीडबैक भी हासिल किया। गृह मंत्री ने हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रभारी विनोद तावड़े के साथ भी लंबी चर्चा की। बता दें कि विज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के बेटे की शादी समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे।

 

 

 
-कांग्रेस को ज्ञान नहीं, इसलिए चर्चा से भाग रही
गृह मंत्री विज ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रजातंत्र में फैसले विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा जैसे मंचों पर चर्चा करने से लिए जाते हैं। कांग्रेस चर्चा करने से बच रही है, क्योंकि इनके पास ज्ञान नहीं है इसलिए ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत इन पर चरितार्थ हो रही है। कांग्रेस के प्रदर्शन पर कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से ही एयरकंडीशन कमरों की राजनीति की है, प्रदर्षन करना इनके बस में नहीं हैं और यह सड़कों पर राजनीति नहीं कर सकते। उन्होंने राहुल गांधी की यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि ‘‘अभी राहुल गांधी निकलकर गए हैं, क्या उसका असर हुआ है, पता भी नहीं लगा, कौन आया, कौन चला गया’’। पहले भी यात्राएं निकली है, पहले लोकनायक जयप्रकाश की यात्राएं निकला करती थी, सारा देष हिल जाता था, अब तो कुछ नहीं हुआ। कांग्रेस की अडानी मामले को लेकर एक कमेटी बनाए जाने और जांच करने की मांग के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि फैसले चर्चा होने के बाद होते है, पहले ये (कांग्रेस) वहां पर जाएं और वहां पर बैठकर चर्चा करें, फिर उसके बाद नतीजा निकलता है’’। 
 

 

 

-कांग्रेस के लोग पहले अपने हाथ तो मिलाएं, फिर हाथ जोड़ो यात्रा की बात करें
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस की हाथ जोड़ो यात्रा के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में विज ने हरियाणा के कांग्रेसी नेताओं पर हमला करते हुए कहा कि दूसरों से हाथ तो बाद में मिलाना, पहले अपने हाथ तो मिला लो, पहले शैलजा और भूपेन्द्र सिंह हुडडा तो हाथ मिला लें, किरण चौधरी और सूरजेवाला तो हाथ मिला लें, इनके अपने हाथ तो मिले नहीं हुए, दूसरों के हाथ क्या मिलाएंगे। 
 

 

 

-हुडडा जी सपनों में वायदे व घोषणाएं कर रहे, जवाब देना अनुचित
कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद ओपीएस को लागू करने के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ‘‘सपने लेने पर अभी किसी भी सरकार ने कोई टैक्स नहीं लगाया है, और अगर हुडडा जी सपने ले रहे हैं और सपनों में ये कोई वायदे या घोषणाएं कर रहे हैं, तो उनका जवाब देना अनुचित है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News