पत्नी, बेटे और बेटी की गला रेतकर की हत्या, खुद कूदा ट्रेन के आगे

punjabkesari.in Friday, Jan 24, 2020 - 08:56 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : मनीमाजरा स्थित हाऊसिंग बोर्ड काम्पलैक्स में रहने वाली सुनीता उर्फ सरिता अरोड़ा (45) बेटी रत्ना उर्फ सांची अरोड़ा (22) और बेटे अर्जुन (16) की बुधवार रात उनके घर में ही गला रेत कर निर्मम हत्या करने के मामले में मनीमाजरा थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

PunjabKesari

वहीं, ट्रेन की चपेट में आने से घायल हुए पति संजय अरोड़ा (51) ने वीरवार देर शाम पी.जी.आई. में दम तोड़ दिया। मौके से मिली डायरी और नोट के आधार पर पुलिस संजय को ही इस ट्रिपल मर्डर केस में संदिग्ध मान रही है। वीरवार को पुलिस ने सैक्टर-16 अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए। 

इन दो थ्योरियों पर काम कर रही पुलिस 

हत्या के बाद आत्महत्या का प्रयास :
पहली थ्योरी के अनुसार पुलिस को वारदात की जगह से एक डायरी और नोट बरामद हुआ है। इसमें संजय अरोड़ा की तरफ से अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या का जिम्मेदार खुद को बताते हुए लिखा गया है कि वह भी आत्महत्या करने जा रहा है। संजय ने पैसों के लेन-देन के बारे में भी जिक्र किया है, जिसको लेकर वह परेशान रहता था। 

PunjabKesari

जिस टेबल पर पुलिस को यह नोट बरामद हुआ है, उसी टेबल पर वाटर सप्लाई का पुराना लोहे का पाइप बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल आरोपी ने रत्ना के सिर पर वार करने के लिए किया था। इस थ्योरी के तहत पुलिस यह मान कर चल रही है कि किन्हीं कारणों के चलते संजय ने अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या की और बाद में घर को ताला लगाकर खुद ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या करने चला गया। इस बात की पुष्टि के लिए पुलिस नोट और संजय की हैंड राइटिंग का मिलान कर रही है। 

प्रॉपर्टी या पैसे का विवाद हो सकता है हत्या की वजह :
पुलिस इस थ्योरी पर भी काम कर रही है कि संजय का कई लोगों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा है। हो सकता है उसके किसी जानकार ने ही घर में घुसकर पहले तीनों की हत्या की और फिर संजय को भी मारने का प्रयास किया गया हो और पुलिस को गुमराह करने के मकसद से वहां नोट छोड़ा हो। 

अढ़ाई साल पहले ही खरीदा था फ्लैट :
पुलिस जांच में सामने आया कि है करीब अढ़ाई साल पहले ही संजय अरोड़ा ने हाऊसिंग बोर्ड काम्पलैक्स में फ्लैट खरीदा था। इससे पहले वह संयुक्त परिवार में पंचकूला सैक्टर-9 स्थित कोठी में रहता था।

PunjabKesari

संजय के दो भाई और बहन हैं, जो चंडीगढ़ और पंचकूला में रहते हैं। परिवार के 3 सदस्यों की हत्या और संजय भी मौत होने से पूरा परिवार सदमे में नजर आया। उन्होंने वारदात को लेकर किसी भी तरह की बात करने या जानकारी देने से इन्कार कर दिया। 

जानकार ने की संजय की पहचान :
पुलिस जांच में सामने आया कि देर रात एम.डी.सी. स्थित रेलवे पुल पर ट्रेन की चपेट में आने से संजय घायल हो गया था। पुलिस ने उसे पंचकूला सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां से डाक्टरों ने उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया। वीरवार को डाक्टरों ने पी.जी.आई. में संजय के सिर का ऑपेरशन किया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। 

बुधवार देर रात यहां चौकी पुलिस ने उसके पास से बरामद हुए किसी दस्तावेज के आधार उसके जानकार करमबीर को दी, जो इन दिनों संजय की पंचकूला स्थित स्वीट शॉप का संचालन करना है। करमबीर पी.जी.आई. पहुंचा था और संजय को पहचानते हुए बताया कि उसका घर हाऊसिंग बोर्ड काम्पलैक्स में है। 

उसने संजय की पत्नी को हादसे की जानकारी देने के लिए लगातार कॉल की लेकिन किसी ने भी फोन नहीं उठाया। इसके बाद करमबीर खुद संजय के घर पहुंचा और देखा कि घर की सभी लाइट बंद हैं और दरवाजा खटखटाने पर भी कोई अंदर से जवाब नहीं दे रहा है। 

ताला तोड़कर अंदर घुसी पुलिस : 
करमबीर ने संदेह के आधार पर वहां पैट्रोलिंग कर रहे पुलिस कर्मियों को सूचित किया। उनके बार-बार दरवाजा खटखटाने और अंदर से कोई रिस्पांस न आने की सूरत में सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। पुलिस ने जब खिड़कियों से घर के अंदर देखा तो घर के भीतर जगह-जगह पर खून बिखरा नजर आया। पुलिस दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर गई तो संजय की पत्नी सविता, बेटी रत्ना और बेटा अर्जुन खून से लथपथ पड़े मिले।   

अलग-अलग जगह पर मिले तीनों शव :
ड्राइंग रूम में अर्जुन अरोड़ा का शव मिला। उसका गला तेजधार हथियार से काटा गया था। वह स्कूल ड्रैस में ही था, जिससे लगता था कि हत्यारे ने स्कूल से घर लौटते ही अर्जुन की हत्या कर दी थी। 

PunjabKesari

रत्ना उर्फ सांची अरोड़ा का शव घर में मेन गेट के साथ ओपन एरिया में बरामद हुआ। उसका गला तेजधार हथियार से काटा गया था और सिर में रॉड से वार किए गए। अंदर बैडरूम में संजय की पत्नी सुनीता उर्फ सरिता अरोड़ा का शव बैड पर खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। उसके गले पर भी तेजधार हथियार के निशाना थे। 

एक-एक कर की गई हत्या :
पुलिस के मुताबिक हत्यारे ने एक के बाद एक की हत्या की। सबसे पहले हत्यारे ने सरिता की बैडरूम में ही हत्या की। दोपहर को स्कूल से छुट्टी होने के बाद जैसे ही अर्जुन घर पहुंचा तो उसकी हत्या कर दी गई। आखिर में हत्यारे ने शाम को रत्ना की हत्या की। 

लॉ की पढ़ाई कर रही थी बेटी, 10वीं में था बेटा : 
संजय अरोड़ा की बेटी रत्ना उर्फ सांची (22) पंजाब यूनिवर्सिटी में फाइव ईयर लॉ की स्टूडैंट थी और वह तीसरे साल की पढ़ाई कर रही थी। बुधवार को वह अपने सभी लैक्चर अटैंड करने के बाद घर लौटी थी। रत्ना का छोटा भाई अर्जुन (16) पंचकूला सैक्टर-4 स्थित सतलुज पब्लिक स्कूल में 10वीं का छात्र था। बुधवार दोपहर 1.45 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह स्कूल बस से घर आया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News