राज्यपाल ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर हरियाणा में चल रही कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की

punjabkesari.in Monday, Mar 21, 2022 - 08:40 PM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल): हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को आगामी 2025 तक पूरी तरह लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य होगा। दत्तात्रेय आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान प्रदेश में क्रियान्वित की जा रही विकासकारी योजनाओं के बारे में चर्चा कर रहे थे। दत्तात्रेय ने आज ही उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू से भी शिष्टाचार भेंट की।

 


उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी शिक्षण संस्थाओं में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के मानदंडों के अनुरूप सभी तरह की ढांचागत सुविधाएं उपलब्ध करवा दी गई हैं। प्रदेश के विश्वविद्यालयों ने गुणवत्ता के उच्च मानकों को छूआ है और प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में छात्रों के लिए रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इसी उद्देश्य से हरियाणा में देश का पहला ‘श्री विश्वकर्मा कौशल विकास विश्वविद्यालय’ भी स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार का राष्ट्रीय शिक्षा नीति को 2030 तक लागू करने का लक्ष्य है, परंतु हरियाणा का लक्ष्य इसे 2025 तक ही लागू करने का है। प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर सुविधाएं देने के लिए प्रदेश में 138 नए सरकारी मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल खोले गए हैं। राज्य में उत्कृष्टता केंद्रों के रूप में 1418 सरकारी मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालयों की स्थापना भी की है। सभी विश्वविद्यालयों में इन्क्यूबेशन सैंटर स्थापित कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं 5 जिलों के राजकीय महाविद्यालयों में भी इन्क्यूबेशन केंद्र सफलतापूर्वक स्थापित किए गए हैं और इस वर्ष अन्य 17 जिलों में भी इन्क्यूबेशन केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

 


12 से 14 आयु के बच्चों का कोर्बवैक्स टीकाकरण अभियान 16 मार्च से हो चुका शुरू 
दत्तात्रेय ने प्रदेश में कोविडरोधी टीकाकरण की भी जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में 12 से 14 आयु के बच्चों का कोर्बवैक्स टीकाकरण अभियान गत 16 मार्च को उनके द्वारा ही शुरू किया गया है। कोविड टीकाकरण अभियान पहले से ही पूरी सफलतापूर्वक चल रहा है। अभी तक 4 करोड़ 16 लाख से अधिक कोरोनारोधी डोज दी चुकी है, जिनमें से पहली डोज 2 करोड़ 30 लाख से अधिक तथा दूसरी डोज 1 करोड़ 83 लाख से अधिक को दी जा चुकी है। प्रदेश में अब तक 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को अढ़ाई लाख से अधिक एहतियातन खुराक दी जा चुकी है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News