यूनिपोल के लिए निगम ने कंपनियों से मांगे आवेदन

punjabkesari.in Monday, Jul 15, 2019 - 12:56 PM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र शर्मा): नगर निगम ने विज्ञापनों के यूनिपोल लगाने के लिए कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। इसकी अलॉटमैंट के लिए निगम इनकी ई-ऑक्शन करने जा रहा है। अपना रेवैन्यू बढ़ाने के लिए ही निगम ने देश के बड़े शहरों की तर्ज पर चंडीगढ़ में भी यूनिपोल की परमिशन देने का फैसला लिया था। इसके लिए प्रशासन की भी अनुमति मांगी गई थी, जिसके बाद ही प्रशासन ने 24 कमर्शियल साइटों पर इन्हें लगाने की अनुमति निगम को दे दी थी। यही कारण है कि अब निगम ने इनकी ई-ऑक्शन रखी है। गौरतलब है कि चंडीगढ़ नगर निगम लंबे समय से वित्तीय मदद को तरस रहा है। 

29 जुलाई तक आवेदन कर सकती हैं कंपनियां 
इस संबंध में निगम के एक अधिकारी ने बताया कि यूनिपोल स्थलों की अलॉटमैंट के लिए ही उन्होंने ऑक्शन रखी है। उन्होंने कहा कि कुल 24 यूनिपोल स्थलों की अलॉटमैंट की जानी है, जिसमें 16 बड़े यूनिपोल और 8 छोटे यूनिपोल लगाने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए कंपनियां 29 जुलाई तक आवेदन कर सकती हैं और अपने डॉक्यूमैंट्स आदि जमा करवा सकती हैं। वहीं इसके लिए 6 अगस्त को बिड शुरू होगी और फाइनल बिड 8 अगस्त दोपहर 1 बजे तक लगाई जा सकेंगी।  निगम के अनुसार इनके लगाने से उसे करोड़ों रुपए की आय होगी। 

लगाने का खर्च भी कंपनी वहन करेगी 
इन्हें लगाने, इनकी सुरक्षा व इन पर आने वाले बिजली के खर्च का वहन भी संबंधित कंपनियां ही करेंगी। ऑक्शन में कंपनियां, संस्थाएं, संस्थाएं, फर्म आदि भाग ले सकती हैं। नीलामी में भाग लेने वाली कंपनियां देश के किसी भी हिस्से में ब्लैकलिस्ट नहीं होनी चाहिए। एक बार अलॉट की गई साइट को निगम बदलेगा नहीं। अलॉटमैंट की अवधि अधिकतम पांच वर्ष की होगी। सफल बोलीदाता न केवल ढांचे खड़े करेगा, बल्कि उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उनकी ही होगी। यूनिपोलों की इंस्पैक्शन भी कर सकते हैं। सफल बोलीदाता को पोल के आसपास के इलाके को भी साफ रखना होगा। निगम ने विभिन्न जोनों की अलग-अलग दरें तय की हैं।

यहां लगाने की दी थी अनुमति  
प्रशासन के चीफ आर्कीटैक्ट विभाग ने निगम को जिन स्थलों पर यूनिपोल लगाने की अनुमति दी थी, उनमें सैक्टर-31 सी, सैक्टर-31 डी, सैक्टर-32 सी, सैक्टर-32 डी, सैक्टर 33 डी, सैक्टर-35 सी, डी, सैक्टर-36 डी, सैक्टर-37 सी, डी, सैक्टर 38 सी, डी, सैक्टर-39 डी, सैक्टर-40 सी, डी, मनीमाजरा, आई.टी. पार्क और इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 शामिल थे। इन सभी सैक्टरों में मार्कीट एरिया में ये यूनिपोल लगाने की अनुमति दी गई थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

bhavita joshi

Recommended News

Related News