कोरोना का एयरलाइंस कंपनियों पर बुरा असर, फेयर में जबरदस्त कमी

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2020 - 09:55 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : डोमैस्टिक फ्लाइट के किराए में आप विदेश की यात्रा कर सकते हैं। हैरान ना हों, यह सिर्फ कोरोना वायरस का असर है कि यात्रियों की संख्या में इतनी कमी हो गई है कि दुबई, शारजाह और थाईलैंड का किराया इतना कम हो गया है कि आप 12 से 14 हजार रुपए तक सफर कर सकते हैं। अगर कोरोना वायरस पर काबू नहीं पाया गया तो आने वाले समय में एयरलाइन कंपनियों का बुरा हाल हो सकता है। 

कई एयरलाइन कंपनियों ने फ्लाइट्स के शैड्यूल में भी परिवर्तन कर दिया है। डोमैस्टिक फ्लाइट से दिल्ली या मुबई जाना चाहते हैं तो जितना किराया वंदे भारत ट्रेन में लगता है उसे सिर्फ 2 प्रतिशत अधिक किराए में फ्लाइट से सफर कर सकते हैं। ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में भी 25 से 30 प्रतिशत कमी आई है। 

दुबई व शारजाह का किराया 15 हजार :
चंडीगढ़ से दुबई व शारजाह जाने के लिए पहले पैसेंजर को 35 से 40 हजार रुपए फेयर के रूप में देने पड़ते थे लेकिन कोरोना वायरस के कारण लोगों ने विदेश जाना बंद कर दिया है। 

ऐसे में किराए में काफी गिरावट आई है। चंडीगढ़ से दुबई का फेयर सिर्फ 14500 रुपए है। शारजाह की फ्लाइट का फेयर सिर्फ 10 हजार रुपए है। कई एयरलाइन कपंनियों ने अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के दिन कम कर दिए हैं। सिर्फ उन दिनों उड़ान की जा रही है, जिस दिन बुकिंग अधिक हो रही है। 

चंडीगढ़-मुबई का सफर 4500 में :
कोरोना वायरस का असर सिर्फ इंटरनैशनल फ्लाइट्स पर ही नहीं पड़ रहा है बल्कि डोमैस्टिक फ्लाइट्स के किराए में भी 65 प्रतिशत की गिरावट आई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को चंडीगढ़ से दुबई का टिकट सिर्फ 4500 रुपए का था। 

एक माह पहले फेयर 16 से 18 हजार के बीच था। चंडीगढ़-दिल्ली के बीच फ्लाइट का किराया सिर्फ 1200 रुपए है जबकि यह किराया 6 से 8 हजार रुपए के बीच होता था। इन दिनों वंदे भारत ट्रेन का बनारस से दिल्ली का किराया 3500 रुपए है। 

कई देशों का टूरिस्ट वीजा हुआ बंद :
कोरोना वायरस के कारण कई देशों ने टूरिस्ट वीजा व अन्य वीजा देने पर रोक लगा दी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार से थाईलैंड, दुबई व सिंगापुर का टूरिस्ट वीजा मिलना बंद हो गया है। ऐसे में टूर- ट्रैवल एजैंसियों का भी बुरा हाल है। अब सिर्फ 45 प्रतिशत ही काम रह गया है। 

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के रूटीन पैसेंजर में 25 प्रतिशत कमी :
कोरोना वायरस का असर सिर्फ एयरलाइंस कंपनियों पर ही नहीं पड़ रहा बल्कि रेलवे यातायात पर भी पड़ रहा है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रूटीन पैसेंजर्स की संख्या में 30 प्रतिशत कमी आई है। 

यात्री अंबाला, कुरुक्षेत्र और सहारनपुर से कामकाज के सिलसिले में रोजाना आते-जाते थे लेकिन अब लोगों ने भीड़ में सफर करना बंद कर दिया है। वे अपने वाहन या टैक्सी का प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे में रूटीन पैसेंजर्स की संख्या में कमी हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News