पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी रक्षा और सुरक्षा का भी संकल्प लें: मनोहर लाल

punjabkesari.in Tuesday, Jul 19, 2022 - 07:52 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हमें ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी रक्षा और सुरक्षा करने का भी संकल्प लेना चाहिए। हरियाणा सरकार ने पेड़ों से लगाव रखने वाले और पर्यावरण को संरक्षित करने वाले लोगों के लिए दर्शनलाल जैन पर्यावरण अवॉर्ड की शुरूआत की है, भविष्य में पर्यावरण से जुड़े अवॉर्ड का और विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री मंगलवार को कुरुक्षेत्र के सरस्वती वन में 73वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव में संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सर्वप्रथम 1857 की क्रांति के महानायक मंगल पांडे की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन महोत्सव की शुरूआत सबसे पहले 1950 में कन्हैयालाल माणिकलाल ने की थी। तभी आज हम 73वां वन महोत्सव मना रहे हैं। 
 

 

वनों में होता है भगवान का वास: मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वनों में भगवान का वास होता है। मुख्यमंत्री ने इसे समझाते हुए कहा कि भ से भूमि, ग से गगन, वा से वायु और न से नीर इसका अर्थ है। ये सभी तत्व वनों में मिलते हैं। उन्होंने कहा कि वनों में पंचतत्व भी होते हैं। वन से वायु मिलती है, वनों की लकड़ी से आग जलती है, वन इस पृथ्वी पर उगते हैं और वनों की वजह से वर्षा होती है और हमें जल मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेड़ों में जीव होते हैं। हमें जीवों को बचाना है तो वनों को बचाना होगा। पौधे लगाने का यह सबसे उपयुक्त समय है। जुलाई, अगस्त और सितम्बर में बारिश होती है। ऐसे में हमें ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने चाहिए। मौजूदा समय में हरियाणा का वन क्षेत्र 7.14 प्रतिशत है। इसे 20 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाना बड़ा जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने बागवानी करने वाले किसानों को 1 एकड़ में बाग लगाने पर 10 हजार रुपए प्रति एकड़ 3 साल तक मुआवाजा देने की योजना भी शुरू की है। 
 

 

मोरनी में 50 हजार एकड़ में लगाए जाएंगे औषधीय पौधे 
मुख्यमंत्री ने कहा कि पतंजलि योग पीठ के सहयोग से मोरनी क्षेत्र के 50 हजार एकड़ में औषधीय पौधे लगाए जाने की योजना बनाई गई है। इससे वहां के किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने 75 साल से अधिक आयु के वृक्षों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए प्राणवायु देवता पैंशन स्कीम शुरू की है। इस योजना के तहत 75 साल से अधिक आयु के वृक्षों के रखरखाव के लिए 2500 रुपए प्रति वर्ष प्रति पेड़ पैंशन का प्रावधान किया है। इसमें बुढ़ापा सम्मान पैंशन के अनुसार हर वर्ष बढ़ोतरी भी की जाएगी। फॉरैस्ट रिसर्च इंस्टीच्यूट से इनकी आयु की वैरीफिकेशन करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आजादी के ’अमृत महोत्सव’ के अवसर पर ‘अमृत सरोवर’ की एक महत्वपूर्ण योजना की शुरूआत की है। जोहड़ हरियाणा के गांववासियों की जीवन रेखा है और इनको पूजा जाता है। इन जोहड़ों पर अब छायादार वृक्ष नहीं हैं। अत: इसी कड़ी में आज राज्य के 22 जिलों के 2200 ग्रामीण जोहड़ों पर बड़, पीपल, नीम और पिलखन के पौधे गणमान्य व्यक्तियों द्वारा रोपित किए गए हैं। प्रदेशभर में और आक्सीवन बनाए जाएंगे। इसके तहत 5 एकड़ से 100 एकड़ पर सैंकड़ों की संख्या में पेड़ लगाए जाएंगे। अभी तक पंचकूला, करनाल, सोनीपत और यमुनानगर में आक्सीवन बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्योंसर गांव के लोगों की मांग पर स्योंसर से ईसाक तक की सड़क को चौड़ा करने की घोषणा की। नीमवाला में मंडी बनाने की फिजिब्लिटी चैक करवाई जाएगी। इसके बाद इसे बनवाया जाएगा। 
 

 

वन जनता के सहयोगी, जिंदगी के साथ और बाद भी: कंवर पाल
हरियाणा के वन एवं वन्य जीव मंत्री कंवर पाल ने कहा कि वन जनता के सहयोगी होते हैं जिंदगी के साथ और बाद तक पेड़ों की महत्ता होती है। पेड़ अब भी और आने वाले समय में भी पुण्य देगा। कंवर पाल ने यह बात आज कुरुक्षेत्र के सरस्वती वन में आयोजित 73वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव के दौरान कही। वन मंत्री ने कहा कि वन विभाग ने किसानों के लिए उनकी मेड पर लगने वाले पेड़ों का सांझा करने का निर्णय लिया है। खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि हरियाणा आक्सीवन लगाने वाला पहला प्रदेश है। इनसे ऑक्सीजन की कमी पूरी होगी जो कोविड के दौरान महसूस हुई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News