मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक सचिवों को प्रत्येक परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के दिए निर्देश

punjabkesari.in Monday, Jun 06, 2022 - 07:29 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा के मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पेयजल आपूर्ति प्रणालियों के अवैध दोहन पर भी कड़ी नजर रखी जाए ताकि पेयजल का उपयोग सिंचाई के लिए न हो। उन्होंने कहा कि सरकार हर नागरिक को शुद्ध पेयजल देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री आज 100 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने आज 6 विभागों के 48 प्रोजैक्ट्स, जिनकी लागत 100 करोड़ से अधिक है, उनकी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक सचिवों को परियोजनाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन इन जनकल्याणकारी परियोजनाओं से लाभान्वित हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल भूजल मिशन योजना में प्रदेश अग्रणी राज्यों में से एक है। सभी चालू परियोजनाओं के लिए परियोजना मूल्यांकन और समीक्षा तकनीक (पी.ई.आर.टी.) चार्ट बनाया जाए। 

 


6 प्रमुख विभागों की परियोजनाओं की समीक्षा हुई
मुख्य सचिव संजीव कौशल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान में 12 विभागों की 80 से अधिक परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिनमें से आज की समीक्षा बैठक में छह प्रमुख विभागों की 48 परियोजनाएं समीक्षा हेतु रखी गई हैं। उन्होंने बताया कि 9 जनवरी, 2022 को मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास की गति को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए 100 करोड़ से अधिक की सभी चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करने हेतु मुख्य सचिव की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति के गठन को मंजूरी दी थी। इस कमेटी द्वारा लगभग 12 विभागों की कई समीक्षा बैठकें की जा चुकी हैं। 
सिंचाई विभाग द्वारा क्रियान्वित की जा रही 16 परियोजनाओं के बारे में अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेन्द्र सिंह ने बताया कि दादूपुर से हमीदा तक नए समानांतर लाइन चैनल का निर्माण और डब्ल्यू.जे.सी. एम.एल.एल. फॉर्म आर.डी. 0 से 68220 की रीमॉडेलिंग का कार्य समय पर चल रहा है । इसके अलावा, हांसी शाखा तथा जे.एल.एन. फीडर कनाल की क्षमता बढ़ाने, जी.डब्ल.यू. चैनल की रिमाडलिंग तथा सरस्वती नदी के जीर्णाेद्धार तथा विकास की परियोजनाओं पर भी चर्चा की।

 


जुलाई में किया जा सकता है पंचकूला निफ्ट का उदघाटन
मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि तकनीकी विभाग की वर्तमान में 100 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली दो बड़ी परियोजनाएं हैं। सैक्टर-23, पंचकूला में लगभग 133 करोड़ से राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) की स्थापना का कार्य लगभग पुरा हो चुका है और इसका उद्घाटन जुलाई में किया जा सकता है। इसके अलावा, लगभग 128 करोड़ से सोनीपत के गांव किलोड़हद में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आई.आई.आई.टी.) की स्थापना का कार्य विभाग द्वारा किया जा रहा है।

 


हिसार एयरपोर्ट के रनवे का कार्य वर्ष के अंत तक पूरा होगा
बैठक में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुधीर राजपाल ने बताया कि गुरूग्राम में बनाये जा रहे श्री शीतला माता देवी मैडीकल कालेज व हास्पिटल का कार्य शुरू हो चुका है जिस पर लगभग 680 करेाड़ खर्च किए जाएंगे। इसका कार्य अगस्त 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा। 100 एम.एल.डी. सीवेज ट्रीटमैंट प्लांट और पंपिंग स्टेशन का निर्माण का कार्य जुलाई में प्रारंभ हो जाएगा। हिसार एयरपोर्ट के रनवे का 70 प्रतिशत का कार्य हो चुका है तथा वर्ष के अंत तक यह कार्य पूरा हो जाएगा। इसके अलावा, बागवानी विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की विभिन्न परियोजनाओं की भी विस्तार से चर्चा की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News