सिंघू बॉर्डर पर युवक की नृशंस हत्या से सरकार सतर्क, मुख्यमंत्री ने की आपात बैठक

punjabkesari.in Friday, Oct 15, 2021 - 10:28 PM (IST)

चंडीगढ़, (पांडेय): सिंघू बॉर्डर पर पंजाब के युवक की नृशंस हत्या के बाद हरियाणा सरकार अब एक्शन मोड में आ गई है। इस मामले में शुक्रवार देर शाम मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आला अधिकारियों के साथ बैठक कर घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली। बताया गया कि बॉर्डर क्षेत्र में अब सतर्कता के तौर पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ाते हुए जल्द ही 4 और कंपनियां तैनात हो जाएंगी।

 


सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री के साथ बैठक में गृह मंत्री अनिल विज के अलावा सी.आई.डी. मुखिया आलोक मित्तल, गृह सचिव राजीव अरोड़ा और डी.जी.पी. पी.के. अग्रवाल भी मौजूद थे। बॉर्डर पर हुई हत्या के मामले की जानकारी हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार को भी दे दी है और पूरे हालातों से अवगत करवाया है।


सरकार के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री निवास पर हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गृह मंत्री अनिल विज की मौजूदगी में पुलिस के आला अधिकारियों से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए काम करने को गहन मंथन हुआ। वहीं गृह मंत्री अनिल विज ने भी अधिकारियों को पूरे मामले में सतर्कता बरतने के आदेश दिए हैं। वर्तमान में सोनीपत में पैरामिलिट्री फोर्स की 4 कंपनियां तैनात हैं। यह कंपनियां किसान आंदोलन के कारण यहां तैनात की गई हैं। ताजा घटनाक्रम के बाद 4 और कंपनियां तैनात कर दी गई हैं। सरकार ने अधिकारियों को हर पहलू पर गौर करने के लिए कहा है। 


साथ ही यह भी आदेश दिए हैं कि भविष्य में आसपास के क्षेत्र में चल रही गतिविधियों पर भी नजर रखी जाए। जांच पर पूरी तरह से ध्यान दिया जाए, वरिष्ठï अधिकारी इस पूरे मामले में तह तक जाने का प्रयास करें। घटनाक्रम में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उन्हें अतिशीघ्र गिरफ्तार किया जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Taranjeet Singh

Recommended News

Related News