पाइप एंड बैरल क्लब में पुलिस का छापा, हुक्का जब्त, मैनेजर गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Dec 03, 2020 - 09:16 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील): चंडीगढ़ के प्रशासक के आदेश के बाद सैक्टर-3 थाना पुलिस ने हुक्का सर्व करने वाले क्लब मालिकों और मैनजरों पर शिकंजा कस दिया है। सैक्टर-3 थाना पुलिस ने सैक्टर-9 सिथत पाइप एंड बैरल क्लब में बुधवार रात छापा मारा। छापे के दौरान पुलिस को क्लब में स्टाफ हुक्का सर्व करते हुए मिला। पुलिस ने हुक्का जब्त कर मैनेजर नयागांव के जनता कालोनी निवासी दीपक को डी.सी. के आदेशों की अवेहलना करने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

 


एस.एस.पी. कुलदीप सिंह चहल के हुक्का सर्व करने वालों पर मामला दर्ज के आदेश के बाद बुधवार रात सैक्टर-3 थाना प्रभारी शेर सिंह को सूचना मिली कि सैक्टर-9 स्थित पाइप एंड बैरल क्लब में डी.सी. के आदेशों की अवेहलना करते हुए स्टाफ युवकों को हुक्का सर्व कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शेर सिंह ने  क्लब में छापा मारने के लिए ए.एस.आई. सतीश कुमार, हैड कॉन्स्टेबल अजयपाल सिंह पाली समेत अन्य जवानों की टीम बनाई। टीम ने इंस्पैक्टर शेर सिंह के नेतृत्व में पाइप एंड बैरल क्लब में छापा मारा। वहां पर क्लब स्टाफ युवको को हुक्का सर्व करते पाया गया। पुलिस ने हुक्का सर्व करने की फोटो खींचकर वीडियो बना लिया। जांच में पता चला कि क्लब में हुक्का मैनेजर दीपक के कहने पर सर्व किया जा रहा था। पुलिस ने हुक्का जब्त कर मैनेजर दीपक को गिरफ्तार कर धारा 188 के तहत मामला दर्ज कर लिया।


दो क्लबों पर पहले हो चुकी है कार्रवाई
सैक्टर-3 थाना पुलिस ने हुक्का सर्व करने वाले क्लब मालिकों के खिलाफ सख्त अभियान चला रखा है। 27 नवम्बर को पुलिस ने बूम बॉक्स क्लब में छापा मारकर हुक्का जब्त किया था। पुलिस ने मैनेजर रामदरबार निवासी दविंदर को गिरफ्तार किया था। इससे पहले पुलिस ने सैक्टर-9 स्थित एस.के. क्लब में छापा मारकर हुक्का जब्त किया था। पुलिस ने क्लब मैनेजर नीरज ठाकुर को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

AJIT DHANKHAR

Recommended News

Related News