‘डिजीटल तरीके से पहली बार होगी जनगणना’

punjabkesari.in Tuesday, Jan 07, 2020 - 03:18 PM (IST)

पंचकूला (मुकेश): अतिरिक्त उपायुक्त एवं जनगणना की नोडल अधिकारी मनिता मलिक की अध्यक्षता में जिला के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में वर्ष 2021 में की जाने वाली जनगणना की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। बैठक में बताया कि पहली बार जनगणना डिजिटल रूप से की जा रही है, जिसमें मोबाइल-एप्प के माध्यम से सभी आंकड़ों को संकलित किया जाएगा। 

 

इस नई तकनीक के प्रयोग से एकत्रित आंकड़े तेजी से एवं सटीकता से संकलित होंगे। जनगणना आंकड़ों को निर्धारित समय में जारी किया जा सकेगा।  जनगणना कार्य के सुगमतापूर्वक संचालन के लिए सभी प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों को 31 दिसम्बर 2019 को तैनात कर दिया है। 

 

उपायुक्त 2021 की जनगणना के होंगे मुख्य जनगणना अधिकारी 
इसके पश्चात जनगणना कार्य की समाप्ति तक प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियों में कोई भी बदलाव नहीं किया जाएगा।  अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा 2021 की जनगणना  के मुख्यजनगणना अधिकारी होंगे। जनगणना दो चरणों में होगी। 

 

प्रथम चरण में मकानों की जनगणना का कार्य 1 मई, 2020 से 15 जून, 2020 तक किया जायेगा। जनगणना  के दूसरे चरण में  जनसंख्या की गणना का  कार्य 9 फरवरी, 2021 से 28 फरवरी, 2021 तक पूरा किया जाएगा। बैठक में डी.आर.ओ. रामफल कटारिया, तहसीलदार विरेन्द्र गिल, ए.डी.आई.ओ. आस्था एवं जनगणना विभाग के अधिकारी मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Recommended News

Related News