मौलीजागरां में 3 मकानों पर चलाया बुलडोजर

punjabkesari.in Wednesday, Aug 21, 2019 - 01:17 PM (IST)

चंडीगढ़ (साजन): नोटिस दिए जाने के बावजूद नई कंस्ट्रक्शन न रोकने पर चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड ने मंगलवार को मौलीजागरां में उन तीन मकानों पर बुलडोजर चलाया, जहां कंस्ट्रक्शन चल रही थी। मंगलवार दोपहर को टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की तो कुछ लोगों ने विरोध किया लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते उनकी एक न चली। 

 

नोटिस देने के बाद से 9 मकान मालिकों ने अतिरिक्त निर्माण को खुद हटा दिया और आठ अलॉटियों ने अतिरिक्त निर्माण को रोक दिया है। सी.एच.बी. अफसर ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि 37 केस ऐसे हैं, जहां अब तक अतिरिक्त निर्माण चल रहा है, यहां पर आने वाले दिनों में कार्रवाई की जाएगी।

 

यहां पहले गिराया गया था अतिरिक्त निर्माण
इससे पहले सी.एच.बी. ने सैक्टर-45 में 14 मकानों और डड्डूमाजरा में दो मकानों से अतिरिक्त निर्माण गिराए थे। सैक्टर-56 में चार मकानों में बने अतिरिक्त निर्माण को ढहाया गया था।

 

 बता दें कि नई अवैध कंस्ट्रक्शन रोकने के लिए सी.एच.बी. ने पहली बार पूरे शहर को दो इन्फोर्समैंट डिवीजन में बांटा है। इसके तहत इन्फोर्समैंट स्क्वायड ने यह कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार ये लोग बिना परमिशन निर्माण कर रहे थे। 


 

बोर्ड ने जारी किया है नोटिस
यह निर्माण उन घरों से गिराया गया जो चालान और नोटिस कम डीमोलेशन ऑर्डर के बाद भी कंस्ट्रक्शन नहीं रोक रहे थे। बोर्ड ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि जिन्हें नोटिस जारी किया गया है अगर वह तीन दिनों में अवैध कंस्ट्रक्शन नहीं हटाते तो इंफोर्स्मेंट स्क्वायड इसे हटाएगी। 

 

इसे हटाने पर खर्च भी अलॉटी से ही वसूल किया जाएगा। अभी शहर में ऐसे 35 मकानों की लिस्ट बोर्ड ने इंस्पैक्शन और शिकायतों के आधार पर तैयार की है, जहां डीमोलेशन ड्राइव चलेगी। सैक्टर-45 के बाद सैक्टर-56 में सबसे ज्यादा सात ऐसे मकान हैं ।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Recommended News

Related News