जांच एजैंसियों के दुरुपयोग व केंद्र की तानाशाही के खिलाफ कांग्रेस ने निकाला रोष मार्च ,पुलिस ने बैरीकेड्स लगाकर रास्ते में रोका

punjabkesari.in Thursday, Jul 21, 2022 - 08:07 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): ई.डी., सी.बी.आई. और आई.टी. जैसी एजैंसियों के दुरुपयोग व केंद्र सरकार की तानाशाही के खिलाफ देशभर में आज कांग्रेस नेता व कार्यकत्र्ता सड़कों पर उतरे। इसी कड़ी में चंडीगढ़ में भी जोरदार प्रदर्शन किया गया। बारिश के बावजूद बड़ी तादाद में पार्टी नेता व कार्यकत्र्ता प्रदर्शन में हिस्सा लेने पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने रोष मार्च निकाला। पार्टी मुख्यालय से ई.डी. दफ्तर तक पूर्व निर्धारित रोष मार्च कार्यक्रम के बावजूद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को बैरिकेड लगाकर रास्ते में ही रोक दिया। 

 


इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार जांच एजैंसी को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है। ऐसा लगता है कि एजैंसियां सरकार की बजाय पार्टी के अधीन काम कर रही हैं। इससे संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास कम होगा, जो लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। क्योंकि न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधानपालिका जैसी संस्थाओं के प्रति विश्वसनीयता ही लोकतंत्र का आधार है। हुड्डा ने कहा कि संस्थाओं को सरकार के लिए हाथों में खेलने की बजाय स्वतंत्र व निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए लेकिन राजनीतिक द्वेष के चलते कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी और राहुल गांधी जैसे बड़े नेताओं को परेशान किया जा रहा है। स्वतंत्र संस्थाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। 22 तारीख शुक्रवार को तमाम जिला मुख्यालय पर रोष प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा।
 

 

भाजपा सरकार में 5 हजार से ज्यादा ई.डी. के केस दर्ज किए गए
उदयभान ने भी जांच एजैंसियों के दुरुपयोग को लेकर भाजपा सरकार की कड़े शब्दों में आलोचना की। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस नेता सोनिया गांधी व राहुल गांधी को परेशान किया जा रहा है। लेकिन सच्चाई यह है कि दोनों के खिलाफ ई.डी. का कोई मामला ही नहीं बनता है। बी.जे.पी. सरकार के दौरान 5 हजार से ज्यादा ई.डी. के मुकद्दमे दर्ज किए गए लेकिन उनमें दोष सिद्धि की दर एक प्रतिशत भी नहीं है। 
 

 

प्रदर्शन के दौरान मौजूद रहे यह नेता
प्रदर्शन में कार्यकारी अध्यक्ष श्रुति चौधरी, रामकिशन गुर्जर और सुरेश गुप्ता भी मौजूद रहे। इनके साथ वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा, जयप्रकाश, कर्ण दलाल, परमवीर, विधायक गीता भुक्कल, प्रदीप चौधरी, वरुण मुलाना, अमित सिहाग, बी.एल. सैनी, सुभाष गांगोली, मेवा सिंह, पूर्व विधायक जिलेराम शर्मा, अकरम खान, नरेंद्र सांगवान, दिलूराम बाजीगर, राम निवास घोड़ेला, सुधा भारद्धाज, दिव्यांशु बुद्धिराजा, पूनम चौहान समेत कई नेता शामिल हुए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News