खाद का स्टॉक सिरसा से दक्षिण हरियाणा में स्थानांतरित कर किसानों को बांटना चाहती है सरकार : अभय

punjabkesari.in Saturday, Oct 16, 2021 - 09:22 PM (IST)

चंडीगढ़ (पांडेय): इनैलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार द्वारा सिरसा जिला का एस.एस.पी. (सिंगल सुपर फास्फेट) खाद का 11200 मीट्रिक टन स्टॉक को दक्षिण हरियाणा के जिलों में स्थानांतरित करने के निर्णय को किसानों में फूट डालने वाला निर्णय बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ऐसा निर्णय लेकर प्रदेश के किसानों को उत्तर और दक्षिण हरियाणा में बांटना चाहते हैं। जबकि मुख्यमंत्री ऐसा निर्णय लेने के बजाय दक्षिण हरियाणा के किसानों के लिए सीधे खाद कंपनियों से एस.एस.पी. खाद लेकर तुरंत प्रभाव से उन्हें उपलब्ध करवाए।

 


उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वीरवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में यह निर्णय लिया और बीते शुक्रवार को सिरसा जिला के सभी एस.एस.पी. डीलर्स को एक पत्र लिखकर यह आदेश जारी किए हैं जिसमें एस.एस.पी. खाद को सरसों की फसल के लिए उत्तम बताया है इसलिए एस.एस.पी. खाद का सिरसा जिला का सारा स्टॉक दक्षिण हरियाणा के 5 जिलों में तुरंत प्रभाव से स्थानांतरित करने को कहा गया है।


उन्होंने कहा कि दक्षिण हरियाणा के जिलों की तरह सिरसा जिला में सरसों की फसल की बहुतायत में बिजाई की जाती है और खासकर जिला का पैंतालिस क्षेत्र तो सरसों का गढ़ है। अगर सिरसा जिला का एस.एस.पी. स्टॉक स्थानांतरित कर दिया जाएगा तो यहां के किसान खाद से वंचित ही जाएंगे जिससे सरसों की फसल को बेहद नुकसान पहुंचेगा। भाजपा सरकार किसानों के साथ भेदभाव की राजनीति करने के बजाय पूरे प्रदेश के किसानों को उनकी जरूरत के हिसाब से डी.ए.पी. और एस.एस.पी. का स्टॉक उपलब्ध करवाए ताकि सरसों की बिजाई में कोई बाधा न आए।

प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाडऩा चाहते हैं लेकिन इनैलो किसानों के साथ भेदभाव नहीं होने देगी। इनैलो नेता ने कहा कि चौधरी देवी लाल की नीतियों पर चलते हुए चौटाला परिवार ने सदैव किसानों के पक्ष में निर्णय लिए हैं और भविष्य में भी लेंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajit Dhankhar

Recommended News

Related News