अरुण सूद का भाजपा अध्यक्ष बनना लगभग तय

punjabkesari.in Wednesday, Jan 15, 2020 - 09:14 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष के चुनाव अब महज औपचारिकता ही रह गया है। पार्टी सूत्रों की मानें तो नए अध्यक्ष के नाम पर भाजपा हाईकमान मोहर लगा चुका है व यहां उनके प्रतिद्वंद्वियों को इसकी सूचना देकर पार्टी के निर्णय के अनुसार चलने के लिए निर्देश भी दे दिए गए हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार लंबे समय से पार्टी के स्थानीय अध्यक्ष के लिए कई नामों की चर्चा चल रही थी। पिछले दिनों मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी यहां के पार्टी प्रतिनिधियों की राय ली व दिल्ली में रिपोर्ट दी। 

सूत्रों के अनुसार उनकी रिपोर्ट के बाद केवल दो नेताओं की विस्तृत जानकारी हाईकमान ने मांगी। इनमें पूर्व मेयर अरुण सूद व पार्टी के उपाध्यक्ष रामवीर भट्टी शामिल हैं। इससे पूर्व कई नाम राजनीतिक गलियारों में घूमते रहे पर हाईकमान ने केवल दो ही लोगों के संबंध में जानकारी मांगी थी।

17 को होगी घोषणा :
बताया जाता है कि आगामी 17 जनवरी को पार्टी के पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सत्यकुमार चंडीगढ़ आकर नए अध्यक्ष का चुनाव करवाने की औपचारिकता पूरी करेंगे। 

सूत्रों के अनुसार पार्टी हाईकमान, यहां तक कि कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने रामवीर भट्टी से व्यक्तिगत रूप से फोन पर पूछा कि अगर उन्हें अध्यक्ष नहीं बनाया जाता है तो उन्हें कैसा लगेगा। सूत्रों के अनुसार भट्टी ने स्पष्ट किया कि वह पार्टी की राय के साथ ही चलेंगे। इससे यही संकेत मिलते हैं कि अरुण सूद का चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष बनना लगभग तय है।

टंडन व खेर के गुटों में विरोध के स्वर! 
भाजपा सूत्रों के अनुसार अरुण सूद का नाम सुनते ही टंडन व खेर के गुटों में विरोध के स्वर भी सुनाई दे रहे हैं लेकिन खुल कर कोई बोलने को तैयार नहीं है। सूत्रों की मानें तो लोकसभा चुनाव के दौरान संजय टंडन गुट और सांसद किरण खेर खेमों को करीब लाने के लिए अरुण सूद ने विशेष भूमिका निभाई थी। 

अब उन्हें उसी का फल मिलते दिखाई दे रहा है। 10 जनवरी को नए मेयर को चुनाव में पार्षदों ने एकजुटता दिखाते हुए पूरे 22 मतों से राजबाला मलिक को चंडीगढ़ का नया मेयर चुना गया। इसके बाद ही सभी को नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा से पहले और बाद में इसी प्रकार की एकजुटता दिखाने को कहा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News