हरियाणा को बड़ी सौगात: पंचकूला में राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान का उद्घाटन

punjabkesari.in Tuesday, Jul 12, 2022 - 07:30 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): केंद्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने हरियाणा के लिए एक बड़ी सौगात देते हुए राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (एन.आई.एफ.टी.) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश को राष्ट्रीय महत्व का संस्थान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंचकूला में राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना से न केवल पंचकूला, बल्कि हरियाणा के इतिहास में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। देश का यह 17वां कैंपस होगा और इसका विकास विश्व स्तर के एन.आई.एफ.टी. कैंपस के रूप में किया जाएगा। इस संस्थान की आधारशिला 29 दिसम्बर, 2016 को तत्कालीन केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने रखी थी। इस संस्थान की स्थापना केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय और निफ्ट, दिल्ली के सहयोग से की गई है। 10.45 एकड़ भूमि पर स्थापित यह परियोजना 133.16 करोड़ रुपए की लागत से पूरी की गई है।

 


मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान में दूसरे चरण में जो भी काम होंगे, उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से भी इसमें सहयोग की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर केंद्रीय मंत्री सहमत हों तो 50:50 रेशो के आधार पर इसे पूरा किया जाएगा। दूसरे चरण में हॉस्टल, थिएटर और ऑडिटेरियम बनाने की योजना है। मनोहर लाल ने कहा कि निफ्ट की नीति के अनुसार, इस संस्थान में 20 प्रतिशत सीटें हरियाणा अधिवासियों के लिए आरक्षित होंगी। इस संस्थान में फैशन डिजाइन/टैक्सटाइल डिजाइन, अपैरल प्रोडक्शन के क्षेत्रों में चार वर्षीय डिग्री कोर्स और फैशन टैक्नोलॉजी, डिजाइन और फैशन मैनेजमैंट में दो वर्षीय मास्टर डिग्री कोर्स होंगे। इसके अलावा, एक साल और 6 महीने की अवधि के सर्टीफिकेट प्रोग्राम भी होंगे। हालांकि राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, पंचकूला में निफ्ट के अस्थायी परिसर में लघु अवधि के पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2019-20 से शुरू कर दिए गए थे। 

 


-वर्तमान में कुल 259 छात्रों के साथ तीन यू.जी. और दो पी.जी. पाठ्यक्रम संचालित:
वर्तमान में कुल 259 छात्रों के साथ तीन यू.जी. और दो पी.जी. पाठ्यक्रम संचालित हैं। इसके अलावा, शैक्षणिक सत्र 2022-23 से एक और यू.जी. कोर्स शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संस्थान की स्थापना होने के बाद फैशन डिजाइन के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्याॢथयों को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यहां पर प्रतिष्ठित एन.आई.एफ.टी. की स्थापना होने से प्रदेश में टैक्सटाइल, हैंडलूम और कॉटन इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा। एन.आई.एफ.टी. से निकले विद्याॢथयों के लिए प्लेसमैंट की कोई समस्या नहीं है। ऐसे प्रोफैशनल्स की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों में बड़ी मांग है। 
 

 

-संस्थान में दूसरे चरण का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा: पीयूष गोयल
इस मौके पर पीयूष गोयल ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि एन.आई.एफ.टी. का यह कैंपस लैंडमार्ग कैंपस के रूप में उभरेगा। यहां से निकलने वाले प्रोफैशनल फैशन की दुनिया में उल्लेखनीय योगदान देंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिस प्रकाश से प्रदेश में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को प्राथमिकता दी उससे महिलाओं का सशक्तिकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि एन.आई.एफ.टी. के माध्यम से भी बेटियां आगे बढ़ेंगी। उन्होंने भरोसा दिया संस्थान में दूसरे चरण का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News