‘हरियाणा एस.टी.एफ. ने 105 मोस्ट वांटेड और 22 ईनामी बदमाश किए गिरफ्तार’

punjabkesari.in Sunday, Jan 03, 2021 - 08:41 PM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल): हरियाणा स्पैशल टास्क फोर्स (एस.टी.एफ.) ने वर्ष 2020 के दौरान 105 मोस्ट वांटेड अपराधियों तथा 22 अन्य ईनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया। साथ ही भारी मात्रा में अवैध हथियार व नशीला पदार्थ जब्त कर ऐसे अवैध धंधों में लगे लोगों पर भी नकेल कसने में सफलता हासिल की है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने बताया कि एस.टी.एफ. ने सालभर आपराधिक तत्वों और संगठित गिरोह पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। गिरफ्तार किए गए 22 ईनामी बदमाशों पर 10,000 रुपए से लेकर 2.5 लाख रुपए तक का ईनाम रखा हुआ था। डी.जी.पी. ने अपराध पर लगाम लगाने के लिए एस.टी.एफ. चीफ अमिताभ सिंह ढिल्लों, डी.आई.जी. एस.टी.एफ. सतीश बालन और उनकी पूरी टीम की सराहना की।

 


‘नामचीन अपराधी सीधे रहे पुलिस के निशाने पर’
डी.जी.पी. ने बताया कि साल 2020 में एस.टी.एफ. ने कुख्यात अपराधियों व संगठित गिरोह पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए राजू बसोदी, राजेश रक्बर, अशोक उर्फ सोकी, इमरान, सोहित रेंचो, मनीष बाबा और विक्की गर्ग जैसे मोस्ट वांटेड और ईनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया। 


‘नशा सौदागरों पर भी कसी नकेल’
डी.जी.पी. ने बताया कि एस.टी.एफ. ने वर्ष 2020 में ड्रग पेडलर्स के नैटवर्क को तोड़ते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त कर 162 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। डी.जी.पी. ने कहा कि आरोपियों से 9 किलो 100 ग्राम हैरोइन, 52 किलो 384 ग्राम अफीम, 60 किलो 200 ग्राम चरस, 4141 किलो से अधिक चूरा पोस्त, 1 किलो 259 ग्राम स्मैक, 2371 किलोग्राम गांजा व गांजा पत्ती, नशीली दवाओं के 5375 इंजैक्शन, 1 लाख 49 हजार से अधिक नशीली गोलियां और 5839 शराब की पेटियां जब्त की गई हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस ने आम्र्स एक्ट के तहत 77 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 81 अवैध पिस्तौल व रिवाल्वर और 320 कारतूस बरामद किए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vikash thakur

Recommended News

Related News