मुख्यमंत्री हरियाणा के उडऩदस्ते ने 554 जगहों पर की रेड

punjabkesari.in Wednesday, Jan 05, 2022 - 05:23 PM (IST)

चंडीगढ़, (अर्चना सेठी)। हरियाणा सी.एम.फ्लाइंग स्क्वायड की विशेष टीमों द्वारा अनियमितताओं व अनधिकृत गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए 2021 में की गई कार्रवाई के तहत 554 स्थानों पर अचानक रेड कर 242 मामले दर्ज करते हुए 340 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
 हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि इन छापेमारी में कुल 13.89 करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना व अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपी व्यक्तियों द्वारा की जा रही विभिन्न अनियमितताओं की सूचना मिलने के बाद राज्य भर में अचानक छापे मारे गए थे।

 


सी.एम. फ्लाइंग स्क्वायड द्वारा मुख्य रूप से खाद्य पदार्थों में मिलावट व नकली उत्पादों के निर्माण की जांच व अवैध शराब, नकली कॉल सैंटर, जी.एस.टी. धोखाधड़ी, बिजली चोरी, घरेलू गैस सिलैंडर और ऑक्सीजन सिलैंडर की कालाबाजारी, अवैध खनन, नशीले पदार्थों की तस्करी, ओवरलोड वाहनों की जांच, ड्राइविंग लाइसैंस और पंजीकरण प्रमाण पत्र जारी करने में अनियमितताएं आदि से संबंधित छापेमारी की गई। दर्ज किए गए कुल मामलों में से 124 की गहन जांच चल रही है, जबकि 118 प्राथमिकी में चालान संबंधित अदालतों में दिए जा चुके हैं। उल्लेखनीय है कि सी.एम. फ्लाइंग स्क्वायड एक प्रमुख एजैंसी है जो ए.डी.जी., सी.आई.डी.आलोक मित्तल के समग्र पर्यवेक्षण और नियंत्रण में काम कर रही है।

 


 मिलावटखोर रहे निशाने पर 
प्रवक्ता ने आगे बताया कि मिलावटी और नकली उत्पादों के निर्माण पर रोक लगाने के लिए उडऩ दस्ते की टीमों ने 107 स्थानों पर छापेमारी की और इस संबंध में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी में 3.64 करोड़ रुपए से अधिक की जुर्माना राशि सहित अन्य वस्तुओं की रिकवरी की गई। इसके अलावा, विभिन्न खाद्य पदार्थों का निर्माण करने वाले कारखानों व दुकानों से भी सैंपल एकत्रित किए गए और प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजे गए। पुलिस टीमों की लगातार निगरानी से मिलावटखोरों पर दवाब बनाते हुए पिछले साल भर में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री में भारी गिरावट आई।

 


 अवैध शराब पर भी कसी नकेल 
अवैध शराब पर लगाम लगाने के अभियान में उडऩदस्ते की टीमों ने 98 औचक छापेमारी कर 114 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें आरोपियों से 3.98 करोड़ रुपए से अधिक की रिकवरी की गई। इसी प्रकार, मुख्यमंत्री के उडऩ दस्ते द्वारा पिछले वर्ष के दौरान कुल 623 जांच दर्ज की गई थी, जिनमें से 501 का निपटारा किया जा चुका है। जांच के बाद कुल 21 मामले दर्ज करवाए गए, जिनकी जांच विभिन्न जिलों में की जा रही है। लोकायुक्त कार्यालय से डिस्क्रीट जांच करने बारे गुप्तचर विभाग में प्राप्त एक शिकायत के मामले की जांच के लिए एस.आई.टी. का गठन किया गया। मुख्यमंत्री उडऩदस्ते की एस.आई.टी. द्वारा उक्त जांच शुरू करने के बाद वैट घोटाले के संबंध में 142 प्राथमिकी दर्ज की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News