ट्राईसिटी में 10 कोरोना पॉजिटिव

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2020 - 10:15 AM (IST)

चंडीगढ़/पंचकूला/ मोहाली (पाल/आशीष/राणा) : रविवार को पंचकूला-मोहाली में चार-चार और चंडीगढ़ में दो कोरोना पॉजीटिव पाए गए। मनीमाजरा मॉडर्न हाऊसिंग कॉम्प्लैक्स में 46 साल के एक व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई है। उसकी सैक्टर-20 में कम्प्यूटर शॉप है। उसकी पत्नी व बेटे को भी जी.एम.एस.एच.-16 में आइसोलेट किया गया है। उनकी सैंपलिंग की जा चुकी है। पुलिस ने कॉम्प्लैक्स के एक ब्लॉक को सील कर दिया है।

सैक्रेट्रिएट का कर्मी दरिया में रहता है :
रविवार को एक 33 साल के व्यक्ति में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। मरीज सैंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स में कांस्टेबल है, जो कि (पंजाब सिविल सैक्रेट्रिएट में पोस्टेड है। दरिया की गली नंबर-5 में वह रहता है। पूरे एरिया को सील कर दिया गया है। 

मरीज की कांटैक्ट ट्रेसिंग कर अब तक 21 लोगों को क्वॉरंटाइन कर दिया गया है। मरीज को कुछ दिन पहले बुखार और गले में दर्द थी। वह जी.एम.एस.एच.-16 में 2 जून को आया था, जब कुछ मैडीसिन देने के बाद उसे भेज दिया गया, लेकिन आराम न आने पर वह 5 जून को वापस अस्पताल आया, जिसके बद उसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए।

दिल्‍ली से वापस आया था युवक :
पंचकूला के सैक्टर-20 की एक सोसाइटी के 28 वर्षीय युवक में कोरोना की पुष्टि हुई। युवक 15 मई को दिल्ली गया था और 31 मई को वापस आया था, जिसके बाद उसने नागरिक अस्पताल में अपनी जांच करवाई थी। सैंपल में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

रिश्तेदार से मिलने गुरुग्राम से आया था :
वहीं गुरुग्राम से एक व्यक्ति पंचकूला में अपने किसी रिश्तेदार से मिलने आया था, जिसके बाद उन्हें कोरोना के लक्षण दिखाई दिए और वह 5 जून को नागरिक अस्पताल में भर्ती हुआ था, उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।

दोनों बस से पंचकूला आए थे :
उधर, दो लोग स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। ये दोनों बस के माध्यम से पंचकूला आए थे। उन्होंने अपना पता सैक्टर-4 का लिखवाया था। इनमें एक 22 वर्षीय और 29 वर्षीय युवक शामिल था। रविवार को जब इनकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई तो स्वास्थ्य विभाग की टीम इनके द्वारा लिखे गए पते पर पहुंची, लेकिन पता गलत था। 

इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने इनकी ट्रैवल हिस्ट्री चैक की तो पता चला कि बस के माध्यम से ये लोग आए थे। बस में बुकिंग के समय उन्होंने दिल्ली का पता लिखवाया था। इस संबंध में दिल्ली स्वास्थ्य विभाग को सूचना दे दी गई है। हालांकि इन दोनों द्वारा जो मोबाइल नंबर लिखवाया गया था, वह भी बंद आ रहा है।

पहले डिस्चार्ज किया, फिर एडमिट किया :
सैक्टर-12ए से शुक्रवार को 19 साल के ईशान गुप्ता की कोरोना की रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी। इसके बाद उसे सैक्टर-6 के सिविल अस्पताल में एडमिट किया गया था। ईशान गुप्ता को हॉस्पिटल में एडमिट करते वक्त कोरोना वायरस की बीमारी का कोई भी सिम्पटम डॉक्टरों की जांच में सामने नहीं आया। 

इसके बाद शनिवार को ईशान गुप्ता को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। रविवार को ईशान को सैक्टर-12ए से घर से दोबारा से लेकर सैक्टर-6 सिविल अस्पताल में एडमिट किया गया है। अभी उनके पिता प्रदीप कोरोना वायरस से ग्रस्त होने के कारण अस्पताल में ही एडमिट हैं।

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News