यूनियन बैंक, देना बैंक और केनरा बैंक ने बचत खातों पर ब्याज घटाया

punjabkesari.in Friday, Sep 01, 2017 - 07:20 PM (IST)

नई दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक आफ इंडिया, देना बैंक और कैनरा बैंक ने विभिन्न अवधि के कर्ज पर सीमांत लागत आधारित ब्याज दर (एम.सी.एल.आर.) में आज कटौती की। नई दरें आज आज से प्रभाव में आ गई। यूनियन बैंक ने सभी अवधि के कर्ज पर एम.सी.एल.आर. में 0.20 प्रतिशत अंक की कटौती की है। बैंक ने बयान में कहा कि इस कटौती के बाद एक साल के कर्ज पर एम.सी.एल.आर. 8.20 प्रतिशत होगी जो पहले 8.40 प्रतिशत थी। वहीं देना बैंक ने 1 साल, 6 महीने, 3 महीने और 1 महीने के कर्ज के लिए एम.सी.एल.आर. में 0.15 प्रतिशत की कटौती की है।

इस कटौती के बाद एक साल के कर्ज पर ब्याज दर 8.40 प्रतिशत होगी जो पहले 8.55 प्रतिशत थी। 1 महीने और 3 महीने के कर्ज पर एम.सी.एल.आर. क्रमश: 8.20 प्रतिशत और 8.30 प्रतिशत तय की गई है। इस बीच सार्वजनिक क्षेत्र के कैनरा बैंक ने 50 लाख रुपए तक की जमा पर बचत बैंक खाते पर ब्याज दर 0.5 प्रतिशत घटाकर 3.5 प्रतिशत कर दी है।

हालांकि बैंक 50 लाख रुपए से अधिक की जमा पर 4 प्रतिशत ब्याज देता रहेगा। केनरा बैंक ने नियामकीय सूचना में कहा, ‘‘बैंक ने बचत बैंक खातों पर ब्याज दर में संशोधन का निर्णय किया है।’’ इससे पहले एस.बी.आई. ने 31 जुलाई को एक करोड़ रुपए या उससे कम जमा राशि पर ब्याज दर 0.50 प्रतिशत घटाकर 3.5 प्रतिशत कर दी थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News