शेयर बाजार में जबरदस्त बढ़त, सेंसेक्स पहली बार हुआ 53000 के पार

punjabkesari.in Tuesday, Jun 22, 2021 - 11:58 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः शेयर बाजार में आज जबरदस्त बढ़त देखने को मिल रही है। सेंसेक्स ने आज रिकॉर्ड हाई बनाते हुए 53 हजार का स्तर पार कर लिया। दिन के कारोबार में सेंसेक्स 454.09 अंकों की तेजी के साथ 53,028.55 पर पहुंचा था। वहीं, निफ्टी में 139.05 अंकों की तेजी के साथ 15,885.55 स्तर पर कारोबार चल रहा है। यह पहला मौका है जब सेंसेक्स ने 53 हजार का स्तर पार किया है.

आज शेयर बाजार में चौतरफा तेजी है। बड़ी कंपनियों के साथ ही छोटी और मझोली कंपनियों के शेयरों में भी खरीदारी हो रही है। निफ्टी का मिड कैप इंडेक्स लगभग एक पर्सेंट ऊपर चल रहा है। एनएसई स्मॉल कैप इंडेक्स में एक पर्सेंट से ज्यादा का उछाल है। सबसे ज्यादा उछाल निफ्टी के ऑटो इंडेक्स में आया है। सिर्फ निफ्टी फार्मा में बिकवाली का रुझान है।

वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX में 3% से ज्यादा की गिरावट आई है। इस इंडेक्स में गिरावट का आना, शेयर बाजार में मजबूती कायम रहने का संकेत होता है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन इसमें 1.76% का इजाफा हुआ था।

एशियाई बाजारों में मजबूती
हांगकांग के हैंगसेंग को छोड़ ज्यादातर एशियाई बाजारों में मजबूती है। जापान के निक्केई इंडेक्स में लगभग तीन पर्सेंट का उछाल है। कोरिया के कोस्पी और चीन के शंघाई कंपोजिट में लगभग एक पर्सेंट मजबूती है। ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डिनरी में लगभग डेढ़ पर्सेंट का उछाल है।

एक कारोबारी दिन पहले बढ़त के साथ बंद हुए थे बाजार
21 जून के कारोबारी दिन कमजोर शुरुआत के बाद अंत तक बाजार ने रिकवरी हासिल करने में कामयाबी हासिल कर ली थी। कारोबार बंद होने पर सेसेंक्स 230.01 अंक यानी 0.44 फीसदी की बढ़त के साथ 52,574.46 के स्तर पर और निफ्टी 63.15 अंक यानी 0.40 फीसदी की मजबूती के साथ 15,746.50 के स्तर पर बंद हुआ था। शुरुआत में बैंक शेयर पस्त दिखे लेकिन बाद में बैंक शेयरों में शानदार तेजी रही। रियल्टी, एनर्जी, मीडिया सेक्टर में खरीदारी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर आईटी और ऑटो शेयर में थोड़ी मुनाफावसूली रही।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News