कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड घटने से शेयर बाजार में मजबूती
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 10:13 AM (IST)
मुंबईः भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को सकारात्मक शुरुआत की। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट से बाजार की धारणा को सहारा मिला। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों शुरुआती कारोबार में बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
बीएसई का सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र में 74,858.99 अंक पर बंद हुआ था। मंगलवार को यह 74,901.50 अंक पर खुला और सुबह करीब 9:25 बजे 56.29 अंक यानी 0.08% की बढ़त के साथ 74,915.28 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई का निफ्टी पिछले सत्र में 23,414.30 अंक पर बंद हुआ था। मंगलवार को यह 23,454.05 अंक पर खुला और करीब 9:25 बजे 35.30 अंक यानी 0.15% की बढ़त के साथ 23,449.60 अंक पर कारोबार कर रहा था।
ज्यादातर सेक्टर हरे निशान में
शुरुआती कारोबार में व्यापक बाजार के सभी प्रमुख इंडेक्स हरे निशान में रहे। सेक्टरों की बात करें तो निफ्टी रियल्टी करीब 1% से ज्यादा की तेजी के साथ सबसे ज्यादा बढ़त वाला सेक्टर रहा। वहीं निफ्टी आईटी सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा और इसमें 1% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी मिडस्मॉल आईटी एंड टेलीकॉम में भी दबाव देखने को मिला।
एनएसई पर शुरुआती कारोबार में कोल इंडिया, एचडीएफसी लाइफ, एशियन पेंट्स, इंडिगो, एसबीआई लाइफ, एमएंडएम, एचडीएफसी बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, पावर ग्रिड और एलएंडटी जैसे शेयरों में तेजी रही।
वहीं एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, सिप्ला, बजाज ऑटो और एक्सिस बैंक समेत कई शेयरों में गिरावट रही।
बीएसई पर अडानी पोर्ट्स, एचडीएफसी लाइफ, इंडिगो, एशियन पेंट्स, कोटक बैंक, एमएंडएम, मारुति, ट्रेंट, एलएंडटी, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और ईटरनल जैसे शेयरों में तेजी रही। दूसरी ओर एचसीएल टेक, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर और रिलायंस दबाव में रहे।
