स्थानीय मुद्रा में व्यापार बढ़ाने को बैंकिंग संबंध मजबूत करें: विशेषज्ञ

punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2026 - 05:47 PM (IST)

नई दिल्ली: ब्रिक्स देशों को स्थानीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ाने और सीमा पार निवेश को आसान बनाने के लिए वित्तीय बाजारों को विकसित करने के साथ बैंकिंग संबंध मजबूत करने चाहिए। विशेषज्ञों ने यह बात कही।

डेलॉयट के भागीदार अनिल तलरेजा ने कहा कि राष्ट्रीय मुद्राओं के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के साथ मजबूत जोखिम प्रबंधन व्यवस्था भी जरूरी है। विभिन्न देशों की तेज भुगतान प्रणालियों को जोड़ने और केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्राओं के बीच परस्पर संचालन की संभावनाएं तलाशने से सीमा पार लेन-देन तेज, सस्ता और सुरक्षित हो सकता है।

व्यापार ढांचे में सुधार जरूरी

उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों को मानकों में सामंजस्य, प्रमाणपत्रों की पारस्परिक मान्यता और सीमा शुल्क प्रक्रियाओं को सरल बनाकर गैर-शुल्क बाधाएं कम करनी चाहिए। महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, दुर्लभ खनिजों, उन्नत विनिर्माण उपकरणों और बिजली क्षेत्र के उपकरणों की आपूर्ति शृंखला भी मजबूत करनी होगी।

भरोसा और पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर

एसोचैम के अध्यक्ष निर्मल कुमार मिंडा ने कहा कि ब्रिक्स आर्थिक सहयोग का शक्तिशाली मंच बन चुका है। अब अधिक भरोसे, पारदर्शिता और कारोबार-से-कारोबार सांझेदारी के जरिए व्यापार एवं निवेश को गहरा करने की जरूरत है। इससे नए अवसर पैदा होंगे, आर्थिक विविधीकरण को गति मिलेगी और अधिक संतुलित वैश्विक आर्थिक व्यवस्था बनाने में मदद मिलेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News