पश्चिम एशिया में तनाव घटने से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसक्स 394 अंक चढ़ा
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 03:32 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः घरेलू शेयर बाजार में पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट मंगलवार को थम गई और दोनों मानक सूचकांक चढ़कर बंद हुए। इजराइल एवं ईरान के बीच तनाव कम होने और दुनिया के अन्य शेयर बाजारों में तेजी से सेंसक्स 394 अंक चढ़ा जबकि निफ्टी 119 अंक की बढ़त में रहा। विश्लेषकों ने कहा कि बैंक शेयरों में तेजी और कच्चे तेल के दाम में नरमी से भी बाजार धारणा मजबूत हुई है। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 394.50 अंक यानी 0.54 प्रतिशत बढ़कर 73,918.76 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में तेजी की वजह
जियोपॉलिटिकल टेंशन में नरमी
ईरान और इजरायल ने सोमवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील पर उन्होंने एक-दूसरे पर हमले बंद कर दिए हैं। इससे मार्केट में रौनक आ गई।
कच्चे तेल में गिरावट
ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स फिसलकर प्रति बैरल $97 से टूटकर ₹93 के आसपास आ गया।
बैंकिंग शेयरों में खरीदारी
पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक, दोनों के निफ्टी इंडेक्स में 1-1% से अधिक तेजी आई। इन्हें मिनिमम तीन साल के मेच्योरिटी वाले विदेशी कर्ज को लेकर कंसेशनल स्वैप फैसिलिटी को आरबीआई की मंजूरी से सपोर्ट मिला है।
एशियाई बाजारों में रौनक
दक्षिण कोरिया का कोस्पी 7% से अधिक, इंडोनेशिया के जकार्ता कंपोजिट में करीब 5%, ताइवान के ताइवान वेटेड में करीब 3%, जापान के निक्केई 225 में 2% से अधिक और चीन के शंघाई कंपोजिट में आधे फीसदी से अधिक तेजी है।
India VIX में नरमी
मार्केट की घबराहट को मापने वाला इंडिया विक्स फिसलकर 17 के नीचे आया तो मार्केट को सपोर्ट मिला। फिलहाल यह 5.05% की गिरावट के साथ 16.17 पर है। इसके अधिक होने का मतलब मार्केट में वोलैटिलिटी का बढ़ना और नीचे आने का मतलब होता है इसका कम होना।
