जन्माष्टमी पर झूम उठा शेयर बाजार, निवेशकों की हुई चांदी, ये हैं तेजी के कारण
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 11:57 AM (IST)
मुंबईः लगातार चार दिनों की गिरावट के बाद शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी के दिन भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 600 अंक चढ़ा, जबकि निफ्टी में भी लगभग 76 अंकों की बढ़त दर्ज की गई। टेक सेक्टर में खरीदारी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी से बाजार को सपोर्ट मिला।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। जियो आईपीओ के दिवाली तक लॉन्च होने की खबरों के बीच कंपनी के शेयरों में खरीदारी बढ़ी, जिसका असर पूरे बाजार के सेंटीमेंट पर भी देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में इस तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब 2.72 लाख करोड़ रुपए का इजाफा हुआ।
इन शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
शुरुआती कारोबार में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 1.92 फीसदी चढ़ा। इसके अलावा TCS में 1.60 फीसदी, बजाज फिनसर्व में 1.51 फीसदी, ट्रेंट में 1.48 फीसदी और HCL टेक्नोलॉजीज में 1.40 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, भारती एयरटेल में 0.12 फीसदी की गिरावट रही, जबकि एशियन पेंट्स में लगभग कोई बदलाव नहीं हुआ।
क्यों आई शेयर बाजार में तेजी?
एशियाई बाजारों में तेजी
शुक्रवार को ज्यादातर एशियाई बाजार बढ़त के साथ खुले। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.3 फीसदी उछला। जापान के निक्केई 225 में 0.25 फीसदी और ऑस्ट्रेलिया के S&P/ASX 200 में 0.14 फीसदी की बढ़त देखने को मिली।
अमेरिकी बाजारों का सपोर्ट
पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी शेयर बाजारों में जोरदार तेजी रही। S&P 500 में 1.06 फीसदी की बढ़त हुई और यह 7,747.71 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट 1.40 फीसदी चढ़कर 26,584.06 पर पहुंच गया। वहीं, डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 624.16 अंक यानी 1.18 फीसदी बढ़कर 53,686.11 पर बंद हुआ।
US ट्रेजरी यील्ड में गिरावट
अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट से भी बाजार की धारणा को सपोर्ट मिला। फेडरल रिजर्व के गवर्नर क्रिस्टोफर वॉलर ने इस महीने होने वाली बैठक में ब्याज दरों में बदलाव नहीं करने के पक्ष में होने की बात कही। इससे ब्याज दरों को लेकर निवेशकों की चिंताएं कुछ कम हुईं।
कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी
4 सितंबर के शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड 0.35 फीसदी बढ़कर 95.86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं, WTI क्रूड 0.51 फीसदी चढ़कर 91.77 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
FII की बिकवाली जारी
विदेशी निवेशकों की बिकवाली का सिलसिला जारी रहा। 3 सितंबर को FII/FPI ने भारतीय इक्विटी में 2,346 करोड़ रुपये की नेट बिकवाली की। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशक यानी DII नेट खरीदार रहे और उन्होंने 4,977 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
रुपया मजबूत
भारतीय रुपया भी मजबूत स्थिति में रहा। 3 सितंबर को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.59 के स्तर पर बंद हुआ, जो पिछले कारोबारी सत्र की तुलना में 14 पैसे की बढ़त है।
