शेयर बाजार में गिरावट, सैंसेक्स 57 अंक लुढ़का

punjabkesari.in Friday, Apr 21, 2017 - 03:53 PM (IST)

नई दिल्लीः घरेलू बाजारों में आज कमजोरी हावी रही। सैंसेक्स और निफ्टी 0.2 फीसदी तक गिरकर बंद हुए हैं। निफ्टी 9120 के आसपास बंद हुआ है, जबकि सैंसेक्स 29400 के करीब बंद हुआ है। आज के कारोबार में निफ्टी 9088.75 तक टूटा, तो सैंसेक्स ने 29259.42 तक गोता लगाया। हालांकि तेजी के माहौल में निफ्टी 9183.65 तक पहुंचा था, तो सैंसेक्स ने 29584.34 तक दस्तक दी थी। सैंसेक्स 57 अंक यानि 0.2 फीसदी की गिरावट के साथ 29,365 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं एन.एस.ई. का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 17 अंक यानि 0.2 फीसदी की कमजोरी के साथ 9,119.4 के स्तर पर बंद हुआ है।

मिडकैप शेयरों में सुस्ती
मिडकैप शेयरों में सुस्ती रही, लेकिन स्मॉलकैप शेयरों में थोड़ी खरीदारी जरूर आई है। बी.एस.ई. का मिडकैप इंडेक्स सपाट होकर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स भी सपाट होकर बंद हुआ है। बी.एस.ई. का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.25 फीसदी तक बढ़कर बंद हुआ है।

फार्मा, ऑटो में गिरावट
एफ.एम.सी.जी., फार्मा, ऑटो और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली है। निफ्टी के एफ.एम.सी.जी. इंडेक्स में 1.1 फीसदी, फार्मा इंडेक्स में करीब 1 फीसदी, ऑटो इंडेक्स में 0.5 फीसदी और मेटल इंडेक्स में 0.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। बैंक निफ्टी 0.3 फीसदी बढ़कर 21,551.5 के स्तर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी के पी.एस.यू. बैंक इंडेक्स में 0.9 फीसदी की कमजोरी आई है। कैपिटल गुड्स, रियल्टी, पावर और ऑयल एंड गैस शेयरों में खरीदारी देखने को मिली है।

HDFC-NTPC के शेयर बढ़े
आज के कारोबार में दिग्गज शेयरों में सन फार्मा, बैंक ऑफ बड़ौदा, अदानी पोर्ट्स, आई.टी.सी., विप्रो और सिप्ला 2.5-1.4 फीसदी तक लुढ़ककर बंद हुए हैं। हालांकि दिग्गज शेयरों में भारती इंफ्राटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एच.डी.एफ.सी. बैंक, एन.टी.पी.सी., टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स और एल.एंड.टी. 2.5-0.4 फीसदी तक बढ़कर बंद हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News