बाजार में कोहराम, सिर्फ 2 दिनों में 1200 अंक गिरा सैंसेक्स

punjabkesari.in Monday, Feb 05, 2018 - 10:46 AM (IST)

नई दिल्लीः लगातार रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रहे बाजार को बजट ने जोरदार सदमा दिया है। दरअसल लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स की 14 साल के बाद फिर वापसी को शेयर बाजार अभी सहन नहीं कर रहा। सिर्फ 2 दिनों में सैंसेक्स करीब 1200 अंक लुढ़क चुका है। बता दें कि शुक्रवार को सैंसेक्स 840 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ और सोमवार यानि आज 348 अंक की गिरावट के साथ खुला यानि 2 दिनो में सैंसेक्स 1188 अंक गिर चुका है।

बाजार के रिकॉर्डों पर लगी ब्रेक
गौरतलब है कि इससे पहले बाजार लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा था। 29 जनवरी 2018 को सैंसेक्स रिकॉर्ड 36000 के पार 36,443.98 अंक पर बंद हुआ था जबकि 1 फरवरी को बजट पेश होने से पहले एल.टी.सी.जी. टैक्स को लेकर चर्चा के कारण बाजार में हल्की गिरावट आनी शुरु हो गई थी। बजट के दुसरे दिन शुक्रवार को सैंसेक्स 839.91 अंक की भारी गिरावट के साथ 35,066.75 पर और निफ्टी 256.30 अंकों की गिरावट के साथ 10,760.60 पर बंद हुआ। यह पिछले साल में किसी एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। 36,000 के पार रिकॉर्ड बनाने वाला सैंसेक्स इस समय करीब 34,700 के आस पास कारोबार कर रहा है। वहीं 11000 के ऊपर रिकॉर्ड बनाने वाला निफ्टी 10,600 के करीब कारोबार कर रहा है।

इस कारण बाजार में आई भारी गिरावट
इस भारी गिरावट का मुख्य कारण बजट में निवेशकों को लेकर किए जेटली के एलान है। दरअसल सरकार ने 1 फरवरी को लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स लगा दिया है। इससे निवेशकों का सेंटीमेट्स बिगड़ा है। इसके तहत एक साल से ज्यादा रखे गए शेयरों पर अगर 1 लाख से ज्यादा इनकम होती है, तो निवेशकों को 10% टैक्स देना होगा। यह टैक्स 1 अप्रैल 2018 से प्रभावी होगा। वहीं, बजट में सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) को हटाने का भी एलान नहीं किया गया है। इसका मतलब है कि निवेशकों को दोनों तरह के टैक्स देने होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News