सेल का कच्चे इस्पात का उत्पादन अप्रैल-सितंबर में मामूली बढ़कर 96 लाख टन

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 03:08 PM (IST)

नई दिल्लीः सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) का कच्चे इस्पात का उत्पादन चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में सालाना आधार पर एक प्रतिशत बढ़कर 96 लाख टन हो गया। 

कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में 'हॉट मेटल' का उत्पादन दो प्रतिशत बढ़कर 1.02 करोड़ टन हो गया, जबकि तैयार इस्पात का उत्पादन एक प्रतिशत बढ़कर 83.9 लाख टन रहा। कंपनी ने कहा कि कुल बिक्री योग्य इस्पात उत्पादन में तैयार इस्पात की हिस्सेदारी अप्रैल-सितंबर, 2025 के 86.8 प्रतिशत से बढ़कर 89.2 प्रतिशत हो गई। कंपनी ने इसका कुल उत्पादन आंकड़ा नहीं दिया। 

इस अवधि में भारतीय रेलवे को लंबी रेल, व्हील्स और एक्सेल की आपूर्ति में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में क्रमशः सात प्रतिशत और तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस्पात मंत्रालय के तहत आने वाली सेल भारत की सबसे बड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात विनिर्माता कंपनी है। इसकी स्थापित क्षमता सालाना दो करोड़ टन से अधिक है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News