रूस-यूक्रेन युद्ध का कहर, 31 साल में सबसे कम बढ़ेगी चीन की जीडीपी!

punjabkesari.in Saturday, Mar 05, 2022 - 05:46 PM (IST)

नई दिल्लीः चीन ने इस साल के लिए अपने सकल घरेलू उत्पाद का लक्ष्य 5.5 प्रतिशत रखा है। यह 1991 के बाद सबसे कम है। प्रधानमंत्री ली केकियांग ने शनिवार को जीडीपी के लक्ष्य की घोषणा देश की संसद नैशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) को प्रस्तुत अपनी कार्य रिपोर्ट में की। चीन दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी, प्रॉपर्टी सेक्टर में मंदी और यूक्रेन लड़ाई में अनिश्चितता के कारण जीडीपी प्रभावित हो सकती है।

केकियांग ने कहा कि आने वाले दिनों में इकॉनमी को कई तरह के जोखिमों और चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा और हमें इसके लिए तैयार रहना होगा। चीन की अर्थव्यवस्था वर्ष 2021 में 8.1 प्रतिशत की दर से बढ़कर लगभग 18 खरब (ट्रिलियन) अमेरिकी डॉलर हो गई है। 2021 में देश की जीडीपी ग्रोथ छह फीसदी से अधिक रही थी।

इस बीच चीन ने अपने रक्षा बजट में 7.1 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 230 अरब डॉलर करने का प्रस्ताव किया है जो पिछले साल 209 अरब डॉलर था। अब उसका रक्षा बजट भारत के मुकाबले तीन गुना है। केकियांग ने मसौदा बजट के हवाले से बताया कि चीन की सरकार ने वित्त वर्ष 2022 के लिए 1,450 अरब युआन के रक्षा बजट का प्रस्ताव किया है जो पिछले साल के मुकाबले 7.1 प्रतिशत अधिक है।

चीन द्वारा रक्षा बजट में वृद्धि का प्रस्ताव हिंद-प्रशांत क्षेत्र में उसके द्वारा शक्ति प्रदर्शन की बढ़ती घटनाओं के बीच आया है। संसद में पेश कार्य रिपोर्ट में सेना की युद्ध तैयारी को व्यापक तरीके से मजबूत करने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि देश की संप्रभुता, सुरक्षा और विकास हितों की रक्षा के लिए पीएलए को दृढ़ और लचीले तरीके से सैन्य संघर्ष करने की जरूरत है। रक्षा बजट के अलावा चीन का आंतरिक सुरक्षा बजट अलग है जो अक्सर रक्षा खर्च से अधिक होता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News