रुपया 7 पैसे महजबूत हो प्रति डॉलर 73.22 पर

punjabkesari.in Monday, May 17, 2021 - 05:10 PM (IST)

मुंबईः वैश्विक स्तर पर डॉलर के कमजोर होने तथा घरेलू शेयर बाजार में तेजी के बीच विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपए की विनिमय दर सोमवार को प्रति डॉलर सात पैसे मजबूत होकर 73.22 (अनंतिम) पर बंद हुई। अंतरबैंक विदेशी विनिमय बाजार में डॉलर सुबह 73.24 पर खुला। 

दिन में 73.16 के उच्च स्तर और 73.26 के निम्न स्तर को छूने के बाद अंत में रुपए की विनिमय दर पिछले बंद के मुकाबले सात पैसे की मजबूती के साथ 73.22 प्रति डॉलर पर बंद हुई। शुक्रवार को डॉलर का बंद भाव 73.29 था। पिछले दो कारोबारी सत्रों में रुपए में 20 पैसे की तेजी आई है। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के समक्ष डॉलर की तुलनात्मक स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत गिरकर 90.23 पर था। 

वैश्विक कच्चा तेल बाजार में ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.19 प्रतिशत चढ़कर 68.84 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था। घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 848.18 अंक सुधर कर 49,580.73 अंक पर बंद हुआ। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार में बिकवाल बने हुए है। उन्होंने शुक्रवार को बाजार में 2,607.85 करोड़ रुपए की धन निकासी की थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News