MCX Gold-Silver Price: 1,54,000 रुपए के पार पहुंचा 10 ग्राम गोल्ड रेट, चांदी में ₹3029 की बढ़त
punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 10:13 AM (IST)
MCX Gold-Silver Price: पिछले दिनों सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद आज 3 सितंबर, 2026 को दोनों के भाव में तेजी आई है। गुरुवार को MCX पर सोना 1708 रुपए तेजी के साथ 1,54,110 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमत में 3029 रुपए का उछाल आया है, एक किलोग्राम चांदी 2,39,295 रुपए पर है।
सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमत
बुधवार को राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार छठे सत्र में गिरावट जारी रही और यह 2,100 रुपए टूटकर 1.56 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत मंगलवार के 1,58,200 रुपए प्रति 10 ग्राम के बंद स्तर से 2,100 रुपए टूटकर लगभग तीन सप्ताह के निचले स्तर 1,56,100 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गई।
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, चांदी की कीमतों में भी लगातार दूसरे दिन गिरावट आई और यह 5,000 रुपए टूटकर दो सप्ताह के निचले स्तर 2,35,500 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई। पिछले सत्र में चांदी 2,40,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
