HDFC Bank में शिफ्ट होंगे मुंबई पुलिस के वेतन खाते, जानिए क्या है कारण
2020-10-23T14:53:49.377

मुंबई: मुंबई पुलिस के कर्मचारियों की सैलरी अब एक्सिस बैंक (Axis Bank) के अकाउंट में नहीं आएगी। इन सभी कर्मचारियों के सैलरी अकाउंट को एचडीएफसी बैंक में शिफ्ट किया जा रहा है। मुंबई पुलिस के अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में सरकारी सर्कुलर भी जारी कर दिया गया है। मुंबई पुलिस फोर्स में करीब 50 हजार कर्मचारी काम करते हैं।
बता दें कि, मुंबई पुलिस और एक्सिस बैंक के बीच सभी कर्मचारियों की सैलरी अकाउंट के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) की अवधि 31 जुलाई 2020 को ही समाप्त हो चुकी है। ऐसे में इन सभी कर्मचारियों की सैलरी अकाउंट को एचडीएफसी बैंक में ट्रांसफर किया जाएगा।
HDFC बैंक की सेवाएं लेगी मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस और एक्सिस बैंक के बीच समझौता ज्ञापन समाप्त होने के बाद मुंबई पुलिस दूसरे बैंक की तलाश में थी, जो उनके कर्मचारियों को एक्सिस बैंक से ज्यादा सुविधाएं दे सके। सर्कुलर में जानकारी दी गई कि कई बैंकों ने इसके लिए प्रस्ताव भेजा था जिसमें से मुंबई पुलिस ने एचडीएफसी बैंक को सलेक्ट किया। खबरों की मानें तो मुंबई पुलिस और एचडीएफसी बैंक के बीच एक नया समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया।
मिलेंगे कई फायदे
सर्कुलर के मुताबिक, मुंबई पुलिस के कर्मचारी की मौत या कोविड-19 की वजह से मौत होने पर 10 लाख रुपये तक का लाइफ इंश्योरेंस कवर दिया जाएगा। इसके साथ मुंबई पुलिस में काम करने वाले कर्मचारियों को 90 लाख रुपए का एक्सिडेंटल डेथ कवर और विकलांगता की स्थिति में 50 लाख रुपये का कवर मिलेगा।