कृषि निर्यात के लिए जल्द नीति लाएगा वाणिज्य मंत्रालय: प्रभु

punjabkesari.in Tuesday, Sep 05, 2017 - 06:35 PM (IST)

नई दिल्ली: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय जल्द ही भारतीय कृषि उत्पादों की वैश्विक बाजार में पहुंच बनाने के लिए एक नीतिगत ढांचा बनाएगा। यह जानकारी आज केंद्रीय वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु ने दी। प्रभु ने कल ही वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय का पदभार ग्रहण किया है। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय कृषि क्षेत्र के लिए एक वैश्विक आपूॢत शृंखला विकसित करने के लिए काम करेगा। एक कृषि सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रभु ने कहा कि भारत के कृषि निर्यात को गति देने के लिए बहुपक्षीय स्तर पर व्यापार प्रतिबंधों को भी हटाए जाने की जरूरत है।  

प्रभु ने कहा कि यदि वे (किसान) कुछ उत्पादित करते हैं तो उनकी पहुंच वैश्विक बाजार तक होनी चाहिए और उन्हें बेहतर दाम मिलने चाहिएं तथा इसके लिए हम जल्द ही एक नीतिगत ढांचा बनाएंगे।’’वहीं वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु इस वर्ष के अंत में विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यू.टी.ओ.) की ब्यूनस आयर्स में होने वाली मंत्री स्तरीय बैठक की तैयारी में जुट गए हैं।

सूत्रों ने आज यहां बताया कि प्रभु ने पदभार ग्रहण करते ही मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगभग 2 घंटे तक बैठक की और मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की। प्रभु को ऐसे समय में मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है जब विदेश व्यापार नीति 2015-20 की मध्यावधि समीक्षा चल रही है और निर्यात पर वस्तु एवं सेवाकर (जी.एस.टी.) के प्रभाव का आकलन किया जा रहा है। राष्ट्रीय विनिर्माण नीति बनाने की भी प्रक्रिया शुरू की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News