Consumer Court: फ्री हॉलिडे का ऑफर देकर बेची मेंबरशिप, रिफंड से इनकार पर कंपनी को देना होगा 1 लाख से ज्यादा

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 01:52 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली में एक कपल को फ्री हॉलिडे, मूवी टिकट और सैलून वाउचर का लालच देकर हॉलिडे मेंबरशिप बेचने का मामला सामने आया है। कपल का आरोप था कि प्रमोशनल इवेंट में उन्हें कई सुविधाओं का ऑफर देकर करीब 65,000 रुपए की मेंबरशिप खरीदने के लिए राजी किया गया। बाद में जब उन्होंने सदस्यता रद्द कर रकम वापस मांगी, तो कंपनी ने रिफंड देने से इनकार कर दिया। अब उपभोक्ता आयोग ने कंपनी को पूरी रकम लौटाने के साथ ब्याज और मुआवजा देने का आदेश दिया है।

फ्री हॉलिडे के नाम पर बुलाया गया

मामला जून 2025 का है। कपल के मुताबिक, उन्हें फोन कर बताया गया कि वे कुछ कॉम्प्लिमेंट्री सुविधाओं के लिए चुने गए हैं। इनमें तीन रात और चार दिन का हॉलिडे स्टे, दो मूवी टिकट और सैलून वाउचर शामिल थे। इसके बाद उन्हें दिल्ली के जनकपुरी स्थित एक होटल में आयोजित प्रमोशनल कार्यक्रम में बुलाया गया। कपल का कहना था कि कार्यक्रम में फ्री सुविधाएं देने के बजाय उन पर हॉलिडे मेंबरशिप खरीदने के लिए जोर दिया गया।

92 हजार से शुरू हुई डील

कपल के अनुसार, शुरुआत में उन्हें पांच साल की सदस्यता के लिए 92,000 रुपए का पैकेज बताया गया। इसमें छह रात और सात दिन के ठहरने की सुविधा शामिल थी। प्रस्ताव ठुकराने के बाद उन्हें करीब 72,000 रुपए का संशोधित पैकेज ऑफर किया गया। अंत में उन्होंने दो साल की EMI के जरिए क्रेडिट कार्ड से भुगतान किया। आयोग के रिकॉर्ड में 65,000 रुपए के भुगतान की पुष्टि हुई।

शर्तों को लेकर हुआ विवाद

कपल ने आरोप लगाया कि प्रमोशनल मीटिंग में उन्हें जो शर्तें बताई गईं, लिखित समझौते में उनसे अलग थीं। खास तौर पर सालाना मेंटेनेंस चार्ज (AMC) को लेकर विवाद हुआ। उनका दावा था कि उन्हें 8,500 रुपए का निश्चित AMC बताया गया था, जबकि लिखित शर्तों में हर साल शुल्क देने और उसमें बदलाव की गुंजाइश थी।

दस्तावेज मिलने के बाद कपल ने 19 जून 2025 को ईमेल से सदस्यता रद्द कर रिफंड मांगा। अगले दिन कंपनी के कार्यालय में लिखित शिकायत भी दी गई।

आयोग ने सुनाया फैसला

कंपनी के आयोग के समक्ष पेश नहीं होने के बाद मामले की सुनवाई एकतरफा हुई। दिल्ली के जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने कंपनी को 65,000 रुपए वापस करने का आदेश दिया। इस रकम पर 15 जून 2025 से भुगतान तक 9 प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा।

इसके अलावा मानसिक परेशानी और उत्पीड़न के लिए 30,000 रुपए तथा मुकदमे के खर्च के रूप में 11,000 रुपए देने का निर्देश दिया गया है। इस तरह ब्याज को छोड़कर कंपनी को कुल 1.06 लाख रुपए से अधिक का भुगतान करना होगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News