बाजार में गिरावटः सेंसेक्स 221 अंक टूटा, निफ्टी 14,500 के नीचे

punjabkesari.in Friday, Mar 19, 2021 - 10:17 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार 6वें दिन गिरावट है। BSE सेंसेक्स 221.71 (0.45%) अंकों की गिरावट के साथ 48,994.81 और निफ्टी 80.75 (0.55%) अंक गिरकर 14,477.10 पर कारोबार कर रहा है।

  • 09:15 AM BSE सेंसेक्स 335 अंकों की गिरावट के साथ 48,881.19 पर और निफ्टी 86.7 अंक नीचे 14,471.15 पर खुला।
  • 09:46 AM BSE बैंक इंडेक्स 303 अंकों की गिरावट के साथ 37,833 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में शामिल सभी शेयरों में गिरावट है। RBL बैंक का शेयर सबसे ज्यादा 2.9% गिरा है।

बाजार में गिरावट की मुख्य वजह

  • देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के 39,643 केस आए, 20,338 मरीज ठीक हुए और 155 ने जान गंवाई।
  • अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 14 महीने के सबसे ऊंचे स्तर 1.75% पर पहुंच गया है। यह पिछले साल जनवरी के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा है।
  • दुनियाभर के शेयर बाजार में भारी बिकवाली है। जापान, चीन, हॉन्गकॉन्ग के बाजारों में गिरावट है। अमेरिकी बाजार भी कल गिरावट के साथ ही बंद हुए थे।
  • मेटल, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली
  • निवेशक सबसे ज्यादा मेटल, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली कर रहे हैं। निफ्टी ऑटो और मेटल इंडेक्स में 2-2% से ज्यादा की गिरावट है। बैंकिंग इंडेक्स 403 अंकों की गिरावट के साथ 33,452.90 पर आ गया है। वहीं, BSE पर 2,088 शेयरों में कारोबार कर रहा है। 309 शेयरों में बढ़त और 1,717 में गिरावट है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 197.64 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 201.12 लाख करोड़ रुपए रहा था।

PunjabKesariदुनियाभर के शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव
अमेरिकी बाजारों में बिकवाली से दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट है। जापान का निक्केई इंडेक्स 285 अंक यानी 0.94% नीचे 29,931 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स में 458 अंक यानी 1.56% की गिरावट है, इंडेक्स 28,946 पर आ गया। इसी तरह चीन के शंघाई कंपोजिट और कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में भी 1-1% की गिरावट है। ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डनरीज 25 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 6,978 अंकों पर कारोबार कर रहा है।

PunjabKesariअमेरिकी बॉन्ड यील्ड 14 महीने के सबसे ऊंचे स्तर 1.75% पर पहुंचा
US अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और यूरोप में कोरोना के नए मामलों में बढ़ोतरी से अमेरिकी शेयर बाजार में भारी बिकवाली रही। नैस्डैक इंडेक्स 3.02% गिरकर 13,116 अंकों पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 1.48% नीचे 3,915 पाइंट पर आ गया। इसी तरह डाओ जोंस भी 153 अंकों की गिरावट के साथ 32,862 पर बंद हुआ है। इससे पहले यूरोपियन मार्केट हल्की बढ़त देखने को मिला, जिसमें फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के शेयर बाजार शामिल हैं।

PunjabKesariघरेलू शेयर बाजार में बिकवाली जारी, सेंसेक्स पांच दिनों में 2,300 अंक गिरा
18 मार्च को शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन गिरावट दर्ज की गई थी। BSE सेंसेक्स 585 अंकों की गिरावट के साथ 49,216.52 पर और निफ्टी भी 163 पॉइंट नीचे 14,557.85 पर बंद हुए। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 1,258.47 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 1,116.17 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।

गुरुवार को गिरावट पर बंद हुआ था शेयर बाजार  
गुरुवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 585.10 अंक यानी 1.17 फीसदी नीचे 49216.52 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 163.45 अंक यानी 1.11 फीसदी की गिरावट के साथ 14557.85 के स्तर पर बंद हुआ था। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News