11 महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ बाजार, निवेशकों के डूबे 6.5 लाख करोड़

punjabkesari.in Monday, Jun 13, 2022 - 05:40 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः सप्ताह का पहला दिन शेयर बाजार के लिए ठीक नहीं रहा। अमेरिका से आई खबर के कारण आज सुबह सेंसेक्स 1100 अंकों से अधिक गिरावट के साथ खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 1700 अंकों से अधिक फिसला। आखिरकार सेंसेक्स 1456 अंकों की गिरावट के साथ 52846 के स्तर पर और निफ्टी 427 अंकों की गिरावट के साथ 15774 के स्तर पर बंद हुआ। आज शेयर बाजार 11 महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ आज की गिरावट के कारण निवेशकों के करीब 6.5 लाख करोड़ रुपए डूब गए। 

आज सेंसेक्स के टॉप-30 में केवल नेस्ले इंडिया का शेयर तेजी के साथ बंद हुआ। 29 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। बजाज फाइनेंस और बजाज फाइनेंशियल सर्विसेज, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा और आईसीआईसी बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। इन शेयरों में साढ़े चार फीसदी से लेकर 7 फीसदी तक की गिरावट आई है। 

FOMC की बैठक में लिए गए फैसलों पर रहेगी नजर
GEPL कैपिटल के हर्षद गाडेकर ने कहा कि महंगाई का दबाव इतना ज्यादा है कि FOMC की बैठक में इंट्रेस्ट रेट को 75 बेसिस प्वाइंटस तक बढ़ाने की संभावना को इनकार नहीं किया जा सकता है। यूरोपियन यूनियन के 19 मेंबर देशों में मई के महीने में महंगाई दर रिकॉर्ड 8.1 फीसदी पर रही। पिछले सप्ताह 19 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाला यूरोपियन सेंट्रल बैंक ने भी इंट्रेस्ट रेट में बढ़ोतरी की बात की है। रिजर्व बैंक ने महंगाई के अनुमान को 1 फीसदी बढ़ाकर 6.7 फीसदी कर दिया है। कुल मिलाकर महंगाई की समस्या हद से ज्यादा गंभीर हो चुकी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News