चीन सरकार की आलोचना जैक मा को पड़ी भारी, Alibaba ने एक साल में गंवाए 344 अरब डॉलर

punjabkesari.in Tuesday, Oct 26, 2021 - 05:37 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः चीन की बड़ी कंपनियों में से एक अलीबाबा के मार्केट कैप में एक साल में 344 अरब डॉलर की कमी आई है। दरअसल पिछले साल अक्टूबर में अलीबाबा के संस्थापक जैक मा ने चीन की वित्तीय प्रणाली की आलोचना की थी। इसके बाद तो उन पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। चीन की सरकार ने उनकी कंपनी अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पहले फिनटेक कंपनी Ant Group की लिस्टिंग सस्पेंड कर दी और फिर टेक कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की। इससे देश की टेक कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई। इससे एक साल में अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग का मार्केट कैप 344 अरब डॉलर कम हो गया। 

पिछले साल अक्टूबर में कंपनी का शेयर ऑल टाइम हाई पर था लेकिन 3 हफ्ते पहले हॉन्ग कॉन्ग में यह रिकॉर्ड लो पर पहुंच गया। चीन सरकार ने कंपनी के खिलाफ जांच तेज कर दी है और साथ ही उसे फिनटेक बिजनेस को रिस्ट्रक्चर करने को कहा गया है। 5 अक्टूबर के बाद से इसमें 30 फीसदी रिकवरी हुई है लेकिन अब भी यह पिछले साल अक्टूबर के लेवल से 43 फीसदी कम है। अलीबाबा 5 नवंबर को अपने वित्तीय नतीजों की घोषणा करेगी।

अलीबाबा के शेयरों में गिरावट से जैक मा की नेटवर्थ में भी गिरावट आई है। एक वक्त वह रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी को पछाड़कर एशिया के सबसे बड़े रईस बन गए थे लेकिन आज वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 30वें स्थान पर खिसक गए हैं। उनकी नेटवर्थ 45.9 अरब डॉलर है। दूसरी ओर अंबानी 98.2 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ एशिया में पहले और दुनिया में 11वें नंबर पर हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News