भारत की वृद्धि दर 2022 में 10.1% रहने का अनुमान, लेकिन 2021 आउटलुक अत्यधिक नाजुक: संयुक्त राष्ट्र

punjabkesari.in Wednesday, May 12, 2021 - 11:39 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को कहा कि भारत की जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि दर 2022 में 10.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है और वह उस समय दुनिया के प्रमुख देशों में तीव्र वृद्धि दर हासिल करने वाली अर्थव्यवस्था होगी। हालांकि, उसने कहा कि 2021 का वृद्धि परिदृश्य अभी 'काफी नाजुक' दिख रहा है। इसका कारण देश में माहामारी का तेजी से फैलना है।

संयुक्त राष्ट्र ने विश्व आर्थिक स्थिति और संभावना (डब्ल्यूईएसपी) रिपोर्ट की मध्यावधि समीक्षा में कहा कि भारत की वृद्धि दर 2022 में 10.1 प्रतिशत रहेगी। यह जनवरी में जारी रिपोर्ट में 5.9 प्रतिशत वृद्धि के मुकाबले लगभग दोगुनी है। इसमें कहा गया है कि 2022 में 10.1 प्रतिशत वृद्धि के साथ भारत बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में तीव्र गति से वृद्धि हासिल करने वाला देश होगा और इस मामले में चीन से भी आगे होगा।

रिपोर्ट में चीन की वृद्धि दर 2022 में 5.8 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है जो 2021 में 8.2 प्रतिशत की संभावना से कम है। अद्यतन की गई मध्यावधि रिपोर्ट में भारत की वद्धि दर 2021 में 7.5 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है। जबकि 2020 में इसमें 6.8 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान है। मध्यावधि समीक्षा में भारत को लेकर जताए गए अनुमान पूर्व के अनुमान से बेहतर हैं। इससे पहले, जनवरी में जारी विश्व आर्थिक स्थिति और संभावना रिपोर्ट में भारतीय अर्थव्यवस्था में 9.6 प्रतिशत गिरावट का अनुमान लगाया गया था। वहीं 2021 और 2022 में इसमें क्रमश: 7.3 प्रतिशत और 5.9 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि की संभावना जताई गई थी।

संयुक्त राष्ट्र ने यह भी कहा कि भारत के लिए 2021 का वृद्धि परिदृश्य अभी ‘काफी नाजुक’ दिख रहा है। इसका कारण देश में कोविड-19 माहामारी का तेजी से फैलना है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अफ्रीका में कई देशों, दक्षिण एशिया के साथ लातिन अमेरिकी और कैरेबियाई देशों के लिए वृद्धि परिदृश्य कमजोर बना हुआ है। इन क्षेत्रों में महामारी अब भी बढ़ रही है। इस बीच, भारत की घरेलू रेटिंग एजेंसी केयर रेटिंग्स ने मंगलवार को चालू वित्त वर्ष के लिए आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर 9.2 प्रतिशत कर दिया। जबकि पूर्व में इसके 10.2 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया था। 
इस साल मार्च के बाद से रेटिंग एजेंसी ने 2021-22 के लिए जीडीपी वृद्धि अनुमान को चौथी बार संशोधित किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News