GST कलेक्शन दिसंबर में 1.29 लाख करोड़ के पार, नवंबर से रहा थोड़ा कम

punjabkesari.in Saturday, Jan 01, 2022 - 03:23 PM (IST)

नई दिल्लीः आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने के साथ ही कर चोरी करने वालों के विरूद्ध की जा रही कारर्वाई से जीएसटी राजस्व संग्रह में भी बढ़ोतरी का रूख बना हुआ है। इस वर्ष दिसंबर में जीएसटी राजस्व संग्रह 1.30 लाख करोड़ रुपए के करीब रहा है। वित्त मंत्रालय द्वारा आज यहां जारी जीएसटी संग्रह के आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2021 में कुल जीएसटी राजस्व संग्रह 129780 करोड़ रुपए रहा है जो दिसंबर 2020 में संग्रहित राजस्व से 13 प्रतिशत और दिसंबर 2019 की तुलना में 26 प्रतिशत अधिक रहा है। हालांकि नवंबर 2021 में यह राशि 131526 करोड़ रुपए पर रही थी। 

जुलाई 2017 में इस अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था के लागू होने के बाद नवंबर में संग्रहित जीएसटी राजस्व इस वर्ष अप्रैल के संग्रहित 1.40 लाख करोड़ रुपए के राजस्व के बाद दूसरा सबसे अधिक मासिक राजस्व था। अक्टूबर 2021 में 130127 करोड़ रुपए का जीएसटी राजस्व जमा हुआ था और नंवबर ऐसा लगातार दूसरा महीना रहा जबकि जीएसटी राजस्व संग्रह 1.30 लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा है। दिसंबर 2021 में भी यह राशि 1.30 लाख करोड़ के करीब रही है। इस वर्ष सितंबर में जीएसटी राजस्व संग्रह 1.17 लाख करोड़ रुपए रहा था। 

कोरोना की दूसरी लहर की वजह से लगाए गए कठोर लॉकडाउन के कारण इस वर्ष जून में जीएसटी राजस्व संग्रह एक लाख करोड़ रुपए से कम रहा था। इससे पहले लगातार नौ महीनों तक यह एक लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा था। अब फिर जुलाई, अगस्त , सितंबर और अक्टूबर के साथ ही नवंबर में भी यह एक लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा है। इस वर्ष दिसंबर में कुल जीएसटी राजस्व संग्रह 129780 करोड़ रुपए रहा है। इसमें सीजीएसटी 22578 करोड़ रुपए, एसजीएसटी 28658 करोड़ रुपए, आईजीएसटी 69155 करोड़ रुपए और क्षतिपूर्ति उपकर 9389 करोड़ रुपए रहा है। 

आईजीएसटी में आयात पर जीएसटी 37527 करोड़ रुपए और क्षतिपूर्ति उपकर में आयात पर जीएसटी 614 करोड़ रुपए शामिल है। सरकार ने सीजीएसटी में 25568 करोड़ रुपए और एसजीएसटी में 21102 करोड़ रुपए दिया है। इस नियमित वितरण के बाद अक्टूबर में सीजीएसटी 48146 करोड़ रुपए और एसजीएसटी 49760 करोड़ रुपए रहा है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News