अक्टूबर में निर्यात 1.11 फीसदी घटा, आयात में 16.31 फीसदी की गिरावट

punjabkesari.in Saturday, Nov 16, 2019 - 04:46 PM (IST)

नई दिल्लीः देश के निर्यात में लगातार तीसरे महीने गिरावट आई है। अक्टूबर में निर्यात 1.11 फीसदी गिरकर 26.38 अरब डॉलर रहा। इसकी प्रमुख वजह पेट्रोलियम, कालीन, चमड़ा उत्पाद, चावल और चाय के निर्यात में कमी आना है। अक्टूबर में देश का आयात भी घटा है। शुक्रवार को जारी आधिकारिक सरकारी आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन अवधि में यह 16.31 फीसदी घटकर 37.39 अरब डॉलर रहा। आयात में गिरावट के चलते देश का व्यापार घाटा भी घटकर 11 अरब डॉलर पर आ गया है। यह पिछले साल अक्टूबर में 18 अरब डॉलर था।

समीक्षावधि में सोने का आयात पांच फीसदी बढ़कर 1.84 अरब डॉलर रहा है। इस दौरान 30 प्रमुख क्षेत्रों में से 18 क्षेत्रों का निर्यात घटा है। पेट्रोलियम उत्पाद, कालीन, चमड़ा उत्पाद, चावल और चाय का निर्यात क्रमश: 14.6 फीसदी, 17 फीसदी, 7.6 फीसदी, 29.5 फीसदी और 6.16 फीसदी घटा। इससे पहले देश का कुल निर्यात सितंबर में 6.57 फीसदी और अगस्त में 6 फीसदी गिरा था। देश का निर्यात अब तक नीचे ही बना हुआ है। इससे देश की पूरी आर्थिक वृद्धि दर पर बोझ बढ़ सकता है जो चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में छह साल के निचले स्तर यानी पांच फीसदी तक आ गई है। सितंबर में देश का औद्योगिक उत्पादन गिरकर 4.3 फीसदी पर आ गया है और इसकी अहम वजह विनिर्माण, बिजली और खनन क्षेत्र का खराब प्रदर्शन है।

अक्टूबर में कच्चे तेल का आयात सालाना आधार पर 31.74 फीसदी गिरकर 9.63 अरब डॉलर रहा। जबकि गैर-कच्चा तेल आयात 9.19 फीसदी गिरकर 27.76 अरब डॉलर रहा है। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-अक्टूबर अवधि में देश का निर्यात 2.21 फीसदी घटकर 185.95 अरब डॉलर और आयात 8.37 फीसदी गिरकर 280.67 अरब डॉलर रहा। इसके चलते देश का व्यापार घाटा इस दौरान 94.72 अरब डॉलर रहा है। इसी बीच भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर में सेवाओं का निर्यात घटकर 17.22 अरब डॉलर और आयात 10.92 अरब डॉलर रहा है। इससे पहले सितंबर 2019 में देश का सेवा निर्यात 17.54 अरब डॉलर और आयात 11.10 अरब डॉलर था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Supreet Kaur

Recommended News

Related News