एलन मस्‍क ने खोया सबसे अमीर शख्स का खिताब, अब यह अरबपति बना दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति

punjabkesari.in Tuesday, Dec 13, 2022 - 02:45 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः ट्विटर को खरीदने के बाद से एलन मस्क के बुरे दिन चल रहे हैं। ट्विटर और उनकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के शेयरों में लगातार गिरावट आई है। इसने अब एलन मस्क से दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का ताज छीन लिया है। फोर्ब्स की दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट के अनुसार, अब वे दुनिया के सबसे अमीर शख्स नहीं हैं। उनकी जगह अब फ्रांस के दिग्गज कारोबारी बर्नार्ड अर्नाल्ट ने ले ली है। फोर्ब्स के अनुसार, बर्नार्ड अर्नाल्ट एंड फैमिली की संपत्ति 186.9 अरब डॉलर है। वहीं, दूसरे स्थान पर खिसके एलन मस्क की संपत्ति घटकर 181.3 अरब डॉलर रह गई है। दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में गौतम अडानी तीसरे स्थान पर बरकरार हैं। उनकी संपत्ति 134.5 अरब डॉलर है।

 

PunjabKesari

ऐसा ही रहा तो अडानी निकल जाएंगे मस्क से आगे

जिस तरह से एलन मस्क की संपत्ति में गिरावट आ रही है, उससे लगता है कि जल्द ही वे गौतम अडानी से भी पीछे हो जाएंगे। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की संपत्ति में लगातार इजाफा हो रहा है। इससे मस्क और अडानी की संपत्ति में ज्यादा फासला नहीं रह गया है। अडानी लगातार अपने कारोबार को विस्तार दे रहे हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर, कमोडिटीज, पोर्ट, सोलर, एग्रीकल्चर और मीडिया सहित कई सेक्टर्स में अडानी ग्रुप अपना कारोबार फैला रहा है।

 

PunjabKesari

मुकेश अंबानी हैं आठवें स्थान पर

रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी अभी फोर्ब्स की रियल टाइम बिलियनेयर लिस्ट में आठवें स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 92.8 अरब डॉलर है। अंबानी लंबे समय तक भारत के सबसे अमीर व्यक्ति थे लेकिन अब गौतम अडानी उनसे काफी आगे निकल गए हैं। गौतम अडानी के बाद इस लिस्ट में चौथे नंबर पर जेफ बेजोस का स्थान है। बेजोस अमेजन के फाउंडर हैं। उनकी कुल सपत्ति 113.8 अरब डॉलर है। बेजोस के बाद वॉरेन बफे और बिल गेट्स का स्थान है।

PunjabKesari

आठ महीने में आधे से कम रह गई टेस्ला के शेयर की कीमत

मस्क की संपत्ति घटने के पीछे वजह उनकी कंपनियों के शेयरों में लगातार आ रही गिरावट है। टेस्ला के शेयर पिछले आठ महीनों में काफी गिर गया है। अप्रैल 2022 में यह शेयर 382 डॉलर के करीब था। यह सोमवार को 168 डॉलर पर बंद हुआ है। इस तरह टेस्ला के शेयर की कीमत आधी से भी कम रह गई है। टेस्ला दुनिया की दिग्गज इलेक्ट्रिक कार कंपनी है। वहीं, माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर के शेयर में भी लगातार गिरावट आ रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News